प्रयागराज। संगम नगरी में एक 4 वर्षीय बच्ची सत्या भारती ने अद्भुत साहस और प्रतिभा का परिचय देते हुए मात्र 21 मिनट में 900 मीटर तैरकर यमुना नदी पार कर इतिहास रच दिया। इतनी कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है।
बच्ची की इस उपलब्धि पर शहर के प्रतिष्ठित समूह वात्स्लय ग्रुप की निदेशक ने बच्ची को गुरुवार को सम्मानित किया और उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए पहल की। उन्होंने घोषणा की कि वह इस प्रतिभाशाली बच्ची की 12वीं कक्षा तक की शिक्षा निःशुल्क करवाने की जिम्मेदारी लेंगी।
इसके तहत बच्ची की पढ़ाई प्रतिष्ठत संस्थान Seth M.R. Jaipuria School में कराई जाएगी, जहां उसे उच्च गुणवत्ता की शिक्षा और बेहतर अवसर प्रदान किए जाएंगे। जहाँ पर तैराकी के लिए स्विमिंग पूल की व्यवस्था भी उपलब्ध है।
डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने कहा कि, “ऐसी प्रतिभाएं समाज के लिए प्रेरणा होती हैं। हमें इन बच्चों को प्रोत्साहित करना चाहिए ऐसी प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहन देना समाज की जिम्मेदारी है, जिससे वे आगे चलकर देश का नाम रोशन कर सकें।”
सत्या भारती के माता-पिता देवेंद्र एवं शिवानी ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही असाधारण प्रतिभा की धनी रही है। उनका कहना है कि सत्या ने बहुत छोटी उम्र से ही अपनी अलग पहचान बनानी शुरू कर दी थी। वह रोजाना सुबह और शाम विभिन्न प्रकार की रचनात्मक, खेल-कूद और साहसिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती है। माता-पिता के अनुसार, सत्या में नई चीज़ें सीखने की जिज्ञासा और आत्मविश्वास शुरू से ही दिखाई देता रहा है। वह हर चुनौती को उत्साह के साथ स्वीकार करती है और उसे पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करती है। उन्होंने यह भी बताया कि सत्या की लगन, अनुशासन और कुछ अलग करने की चाह ने ही आज उसे इस मुकाम तक पहुंचाया है।