मायावती ने ईशान आनंद को बसपा का राष्ट्रीय संयोजक बनाया

मायावती ने ईशान आनंद को बसपा का राष्ट्रीय संयोजक बनाया
हाइलाइट्स :
लखनऊ में BSP की ऑल इंडिया बैठक में लिया गया निर्णय
मायावती ने ईशान को दिशा-निर्देशन में निष्ठा से काम करने को कहा
आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और संगठन की समीक्षा पर चर्चा

Mayawati On Ishan Anand: बहुजन समाज पार्टी BSP प्रमुख मायावती ने बुधवार को अपने छोटे भतीजे ईशान आनंद को पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त करने की घोषणा की। लखनऊ स्थित बसपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित ऑल इंडिया बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश अध्यक्षों और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए घोषित प्रत्याशियों की मौजूदगी में संगठन तथा चुनावी तैयारियों पर चर्चा हुई। ईशान आनंद इससे पहले पार्टी संगठन से जुड़े रहे हैं।

मायावती की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि ईशान आनंद ने बैठक में अपने संबोधन के दौरान मायावती को उनके मार्गदर्शन और नेतृत्व के लिए आभार जताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनके दिशा-निर्देशन में पूरी निष्ठा से काम करते हुए पार्टी और बहुजन समाज को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।

बैठक में मायावती ने आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अच्छे और दमदार उम्मीदवारों के चयन तथा संगठन को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया। विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पंजाब और उत्तराखंड में भी चुनावी तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों से जानकारी ली।

मायावती ने भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों पर जातिवादी तथा धार्मिक मुद्दों को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बसपा को अपने संघर्ष और संगठन के जरिए चुनाव मैदान में उतरना चाहिए।

उन्होंने ‘परिवारवाद’ के आरोपों पर भी बसपा का पक्ष रखा। मायावती ने कहा कि परिवार के सदस्यों का पार्टी में काम करना तभी उचित है, जब वे निजी स्वार्थ से अलग रहकर संगठन के लिए कार्य करें। उन्होंने बहुजन समाज के साथ दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, मुस्लिमों और अन्य अल्पसंख्यक वर्गों की भागीदारी का भी उल्लेख किया।