इस बार जनगणना में बैंक, डीएल और अपने काम को भी बताना होगा

इस बार जनगणना में बैंक, डीएल और अपने काम को भी बताना होगा

Census 2027: इस बार जनगणना में पिछली यानि 2011 की जनगणना के मुकाबले 11 सवाल ज्यादा पूछे जाएंगे। साथ ही जो 40 सवाल होंगे उनमें बैंक खातों की संख्या से लेकर ड्राइविंग लाइसेंस और कोविड वैक्सीन लगवाने की जगह भी बताना होगा।

केंद्र सरकार ने जनगणना के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना के लिए 40 सवालों की सूची जारी की है। इस बार की जनगणना इस मायने में भी अलग है कि इस बार जाति से जुड़े आंकड़े भी इसमें जुटाए जाएंगे।यह देश की सबसे बड़ी डिजिटल जनगणना भी होगी।

बता दें कि लद्दाख, और जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड के बर्फ से ढके इलाकों में जनसंख्या गणना 1 सितंबर से 30 सितंबर के बीच होगी।

घर-घर जाकर होने वाली गिनती से ठीक पहले, लोगों के पास 17 अगस्त से 31 अगस्त तक खुद ऑनलाइन फॉर्म भरने का विकल्प भी रहेगा।

देश के बाकी हिस्सों में जनसंख्या गणना अगले साल से शुरू होगी। जनगणना में लोगों से उनकी वैवाहिक स्थिति, शादी के समय उम्र, राष्ट्रीयता, धर्म, जाति, माता-पिता का विवरण, दिव्यांगता, मातृभाषा और अन्य भाषाओं की जानकारी संबंधी प्रश्न होंगे। साथ ही साक्षरता और डिजीटल साक्षरता भी पूछी जाएगी। स्कूल में पढ़ाई और विषय के बारे में भी सवाल होंगे।

जनगणना के दौरान कामकाज की भी जानकारी ली जाएगी। इसके तहत पिछले एक साल में काम करने, आर्थिक गतिविधि की श्रेणी, व्यवसाय आदि से जुड़े सवाल होंगे। जनगणना के दौरान जुटाई गई सभी जानकारियां गोपनीय रहेंगी और इसकी जानकारी कोई नहीं ले सकेगा।