- भाजपा प्रभारियों की पहली बैठक
- संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों पर मंथन
- युवाओं और विभिन्न वर्गों से संवाद बढ़ाने निर्देश
|
BJP State Incharges Meeting: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के राज्य प्रभारियों और सह-प्रभारियों की पहली बैठक की अध्यक्षता की। हाल ही में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। बैठक में संगठन विस्तार, जनसंपर्क और आगामी चुनावों की तैयारियों के साथ केंद्रीय संगठन और राज्य इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा हुई।
बैठक से पहले नितिन नवीन ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान राज्यों में संगठन की मौजूदा स्थिति, बूथ स्तर तक नेटवर्क मजबूत करने, कार्यकर्ताओं से संवाद और जनसंपर्क अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई। संगठनात्मक फेरबदल के तहत उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को सौंपी गई है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी बनाया गया है।
2027 में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य में संगठन को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। सतीश पूनिया को पंजाब और जम्मू-कश्मीर, जबकि सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल और तेलंगाना की जिम्मेदारी दी गई है।
बैठक में चुनावी राज्यों में स्थानीय नेतृत्व के साथ नियमित समन्वय, जमीनी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने और समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। पार्टी अध्यक्ष की ओर से प्रभारियों को अपने-अपने राज्यों का लगातार दौरा करने और पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
प्रभारियों से विकसित भारत संकल्प, महिला मोर्चा और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संपर्क बढ़ाने पर भी जोर देने को कहा गया। इसके अलावा युवाओं से संवाद के लिए सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लगातार कार्यक्रम आयोजित करने और उनका फीडबैक केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।