डासना जेल से बाहर आते ही आजम खान के बदले तेवर, 2027 चुनाव पर बोले- यूपी में होगा इंकलाब

डासना जेल से बाहर आते ही आजम खान के बदले तेवर, 2027 चुनाव पर बोले- यूपी में होगा इंकलाब
हाइलाइट्स
• आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत।
• ईडी की गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर कोर्ट ने उठाए सवाल।
• मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खान डासना जेल से रिहा होने के बाद एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में हैं। हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आए आजम खान ने रामपुर पहुंचकर जोहर यूनिवर्सिटी, अपने खिलाफ हुई कार्रवाई और उत्तर प्रदेश की राजनीति पर खुलकर अपनी बात रखी। जेल से रिहा होते ही आज़म खान के तेवर तुरंत बदले-बदले से नज़र आने लगे हैं. 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि यूपी में इंकलाब होगा।

आजम खान को लेने के लिए उनके बड़े बेटे अदीब आजम खान, अब्दुल्ला आजम खान और बड़ी संख्या में समर्थक गाजियाबाद स्थित डासना जेल पहुंचे थे। रिहाई के बाद उनका काफिला रामपुर के लिए रवाना हो गया। मंगलवार रात अपने आवास पहुंचने पर समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। वहां पहले से ही हजारों लोग मौजूद थे। फूल बरसाकर और नारे लगाकर समर्थकों ने अपने नेता का अभिनंदन किया।

जोहर यूनिवर्सिटी को लेकर आजम खान ने जताई नाराजगी

रामपुर स्थित आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान आजम खान ने जोहर यूनिवर्सिटी को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'बकरी चोरी कराने वाला, भैंस चोरी कराने वाला ईडी का मुलजिम हो सकता है, लेकिन यूनिवर्सिटी बनाने वाला भी मुलजिम बना दिया गया.'

उन्होंने आगे कहा कि उनकी मालिक से दुआ है कि हर गली में एक मुर्गी चोर पैदा हो, ताकि वह भी एक यूनिवर्सिटी बना सके। आजम खान की यह टिप्पणी उनके खिलाफ हुई कार्रवाई और यूनिवर्सिटी से जुड़े मामले पर उनकी प्रतिक्रिया के तौर पर सामने आई।

मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खान का किया जिक्र

अपनी बातचीत में आजम खान ने मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खान का भी नाम लिया। उन्होंने कहा कि अगर उनके दौर में ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसी संस्थाएं मौजूद होतीं तो शायद वे भी यूनिवर्सिटी नहीं बना पाते।

इस दौरान आजम खान ने संवैधानिक संस्थाओं की साख पर भी सवाल उठाए। उनके बयान में जोहर यूनिवर्सिटी के निर्माण और उस पर हुई कार्रवाई को लेकर उनकी नाराजगी साफ दिखाई दी।

2027 के यूपी विधानसभा चुनाव पर बोले- इंकलाब होगा

उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आजम खान से सवाल किया गया तो उन्होंने सीधे कहा कि इंकलाब होगा। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी का सफाया तो पहले ही हो चुका है।

आजम खान ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर और न्याय मिलेगा। हालांकि, उन्होंने बदले की राजनीति से इनकार करते हुए स्पष्ट किया कि किसी से बदला नहीं लिया जाएगा, बल्कि न्याय किया जाएगा।

उनके इन बयानों को आगामी विधानसभा चुनाव और उत्तर प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों के संदर्भ में देखा जा रहा है।

समर्थकों के स्वागत से भावुक हुए आजम खान

डासना जेल से रिहा होने के बाद रामपुर पहुंचे आजम खान अपने समर्थकों का प्यार देखकर भावुक नजर आए। उनके आवास पर बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। स्वागत के दौरान फूलों की बारिश और नारेबाजी के बीच उन्होंने अपने चाहने वालों से कहा, 'तुम जियो हजारों साल.'

आजम खान की रामपुर वापसी के साथ जिले की सियासत में फिर हलचल तेज हो गई है। जेल से बाहर आने के बाद उनके बयान और आगे की राजनीतिक सक्रियता पर नजर रहेगी। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उनके रुख और समाजवादी पार्टी की रणनीति के संदर्भ में भी उनकी वापसी अहम मानी जा रही है।