पत्नी ने प्रेमी के साथ रची पति की हत्या की साजिश
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी (ननदोई) के साथ मिलकर अपने पति अख्तर अली की हत्या की साजिश रची। प्लान के तहत पति को शराब पिलाकर नहर में फेंक दिया गया, ताकि मामला हादसा लगे और लगे कि नशे की हालत में गिरकर उसकी मौत हो गई।
27 जनवरी को लापता, 30 जनवरी को नहर में मिला शव
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह के अनुसार, गोधी गांव निवासी अख्तर अली (45) 27 जनवरी की सुबह दुकान का सामान लेने रामपुर दोराहा गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। 30 जनवरी की शाम सिरसवां गौड़ के पास नहर में उसका शव बरामद हुआ, जिसके बाद मामले में हत्या की आशंका गहराई।
पत्नी समेत चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किया खुलासा
अख्तर अली के भाई अफसर अली की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पत्नी शबीना, उसके प्रेमी अल्ताफ और उसके दो साथी रंजीत व सतपाल की भूमिका सामने आई। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि पहले अख्तर को शराब पिलाई गई और फिर नहर में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी गई।
अवैध संबंध बना हत्या की वजह, जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस पूछताछ में अल्ताफ ने बताया कि अख्तर उसका सगा साला था और उसकी गैरमौजूदगी में घर आना-जाना था। इसी दौरान शबीना और अल्ताफ के बीच अवैध संबंध बन गए। जब अख्तर को इसकी भनक लगी तो उसने विरोध किया और पत्नी पर नजर रखने के लिए बाहर जाना तक बंद कर दिया था। बावजूद इसके, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रच डाली। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।