दिल्ली NCR में बदलेगा मौसम का मिजाज, IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट

Authored By: News Corridors Desk | 29 Apr 2025, 10:42 AM
news-banner
भारत में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का सिलसिला देखने को मिल सकता है। इससे तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शाम से बुधवार तक गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। गुरुवार और शुक्रवार को भी गरज के साथ हल्की वर्षा की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 15-20 किमी प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने मंगलवार, शुक्रवार और शनिवार के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का पूर्वानुमान

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले पांच दिनों के दौरान गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। 29 अप्रैल को इन राज्यों में भारी बारिश के साथ 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

29 अप्रैल से 2 मई तक पूर्वी भारत, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में भी गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना, रायलसीमा, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले 7 दिनों तक बारिश होने की संभावना है। इससे इन इलाकों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

कई राज्यों में लू की चेतावनी

गुजरात, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान, तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, सौराष्ट्र, मराठवाड़ा और कच्छ व कराईकल के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं गुजरात में अगले चार दिनों के दौरान तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।