मोहम्मद शमी के भाई कैफ पर यौन शोषण का आरोप, शादी का झांसा देकर बनाए संबंध?

मोहम्मद शमी के भाई कैफ पर यौन शोषण का आरोप, शादी का झांसा देकर बनाए संबंध?

भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) के भाई और रणजी खिलाड़ी मोहम्मद कैफ (Mohammad Kaif) गंभीर आरोपों में घिर गए हैं। अमरोहा के अलीनगर डिडौली निवासी मोहम्मद कैफ के खिलाफ लखनऊ के आशियाना इलाके की रहने वाली एक महिला ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के आधार पर आशियाना पुलिस ने मोहम्मद कैफ के खिलाफ यौन शोषण और उनके बड़े भाई मोहम्मद हसीब के खिलाफ धमकाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।

कौन है महिला और कब हुई कैफ से मुलाकात?

शिकायत करने वाली महिला लखनऊ के आशियाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह तलाकशुदा है और उसका एक बेटा भी है। महिला के मुताबिक, साल 2023 से 2026 के बीच वह एक एयरलाइंस में केबिन क्रू के तौर पर काम करती थी।

महिला ने बताया कि उसकी और मोहम्मद कैफ की पहली मुलाकात साल 2020 में गाजियाबाद में हुई थी। उस समय वह गाजियाबाद में रहती थी और एक मित्र के जरिए कैफ से उसकी पहचान हुई। उस वक्त कैफ कोलकाता में रणजी खेल रहे थे। मुलाकात के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता आगे बढ़ा।

महिला के अनुसार, अगस्त 2023 में मोहम्मद कैफ ने खुद उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा था।

शादी का वादा, होटल में मुलाकात और नौकरी छोड़ने का आरोप

महिला का आरोप है कि 9 सितंबर 2023 को मोहम्मद कैफ ने उसे कोलकाता के एक होटल में बुलाया था। उसके तलाकशुदा होने और एक बेटे की मां होने से कैफ को कोई आपत्ति नहीं थी। महिला के मुताबिक, इसी भरोसे के आधार पर दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कैफ को उसका केबिन क्रू का काम पसंद नहीं था। इसके चलते उस पर दबाव बनाया गया और उसे नौकरी छोड़नी पड़ी।

इसके बाद जब भी महिला शादी की बात करती, आरोप है कि कैफ किसी न किसी तरह बात टाल देता था। उसने दिसंबर 2025 में होने वाले आईपीएल ऑक्शन के बाद शादी करने का वादा किया था।

आईपीएल ऑक्शन के बाद बदल गया रुख

महिला के मुताबिक, दिसंबर 2025 का आईपीएल ऑक्शन गुजरने के बाद उसने फिर शादी के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि इसके बाद कैफ अपने वादे से पीछे हट गया और उससे पूरी तरह दूरी बना ली।

शादी से इनकार के बाद महिला ने मामले की शिकायत मोहम्मद कैफ के बड़े भाई मोहम्मद हसीब से की। महिला के अनुसार, हसीब ने भी उसकी शिकायत को अनसुना कर दिया।

इसके बाद एक परिचित के जरिए सुलह-बातचीत के लिए महिला को कैफ के गृह जनपद अमरोहा बुलाया गया। आरोप है कि वहां मामले को सुलझाने के बजाय मोहम्मद हसीब ने उसे धमकाया।

31 अगस्त को दी शिकायत, 13 दिन बाद दर्ज हुई FIR

महिला ने न्याय के लिए सबसे पहले 31 अगस्त को आशियाना थाने में शिकायत की थी। सुनवाई नहीं होने पर उसने डीसीपी पूर्वी और फिर एसीपी विभूतिखंड तक मामला पहुंचाया।

महिला का आरोप है कि पुलिस ने 13 दिनों तक घटनास्थल और सीमा विवाद का हवाला देकर उसे टरकाया। रविवार को जब उसकी शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल हुई, तब पुलिस प्रशासन ने मामले में कार्रवाई की।

इसके बाद आशियाना थाने में मोहम्मद कैफ और उनके बड़े भाई मोहम्मद हसीब के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। कैफ पर यौन शोषण और हसीब पर धमकाने का आरोप है।