क्रिकेट और बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय जोड़ियों में से एक विराट कोहली और अनुष्का शर्मा इन दिनों अपनी आध्यात्मिक यात्राओं को लेकर चर्चा में हैं। वृंदावन में कई बार बांके बिहारी के दर्शन कर चुके यह कपल अब अयोध्या की ओर रुख कर चुका है। रविवार सुबह दोनों ने अयोध्या पहुंचकर रामलला और हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन किए, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
रामलला की शरण में विराट और अनुष्का
रविवार सुबह करीब 7 बजे विराट-अनुष्का अयोध्या के राम जन्मभूमि परिसर पहुंचे। मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें विशेष प्रोटोकॉल के तहत अंदर ले जाया गया। मंदिर के वरिष्ठ पुजारी संतोष तिवारी ने दोनों को रामनामी वस्त्र पहनाए। अनुष्का शर्मा सिर पर चुनरी ओढ़े, folded hands के साथ रामलला के आगे भक्ति में लीन नजर आईं। विराट कोहली भी बेहद श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के दर्शन
रामलला के दर्शन के बाद यह जोड़ी हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंची। यहां मंदिर के पुजारी हेमंत दास ने उन्हें पूजन करवाया और हनुमान जी की प्रतिमा व अंगवस्त्र भेंट किए। विराट और अनुष्का ने करीब 15 मिनट तक हनुमानगढ़ी के महंत श्री ज्ञान दास के उत्तराधिकारी संजय दास से बातचीत की। चर्चा के दौरान उन्होंने राम जन्मभूमि, हनुमानगढ़ी और अयोध्या की संस्कृति के बारे में जानकारी ली।
इससे पहले 13 मई 2025 को विराट और अनुष्का ने तीसरी बार वृंदावन का दौरा किया था। यह दौरा विराट कोहली द्वारा टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा (12 मई) के ठीक एक दिन बाद हुआ। दोनों ने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की और उनके आश्रम में करीब 2 घंटे 20 मिनट रुके। महाराज ने उन्हें आशीर्वाद दिया और चुनरी भेंट की।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं तस्वीरें
विराट-अनुष्का की इन आध्यात्मिक यात्राओं की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। फैंस उनकी सादगी और भक्ति भाव की सराहना कर रहे हैं। मंदिरों में दर्शन के दौरान दोनों के चेहरे पर गंभीरता और श्रद्धा स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
विराट और अनुष्का की हालिया यात्राओं को कई लोग धार्मिक आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं कुछ इसे विराट के करियर के एक नए मोड़ से भी जोड़ रहे हैं। टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद विराट का यह शांत, आध्यात्मिक रूप कई प्रशंसकों को नया संदेश दे रहा है।