जल्द बन जाएगा वाराणसी एयरपोर्ट का नया टर्मिनल , इतने होंगे चेक इन काउंटर?

जल्द बन जाएगा वाराणसी एयरपोर्ट का नया टर्मिनल , इतने होंगे चेक इन काउंटर?

वाराणसी में लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नये टर्मिनल भवन का निर्माण कार्य काफी हद तक पूरा हो चुका है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री राम मोहन नायडू ने बुधवार को इसके काम की प्रगति की समीक्षा की।

लगभग 75,600 वर्ग मीटर में फैला यह नया टर्मिनल प्रति वर्ष 60 लाख यात्रियों को संभालने के लिए विकसित किया जा रहा है। इसमें 72 चेक-इन काउंटर, आठ एयरोब्रिज, आधुनिक बैगेज हैंडलिंग सिस्टम, बहुस्तरीय कार पार्किंग और उन्नत यात्री सुविधाएं शामिल हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर की स्थापत्य कला से प्रेरित, इस विश्व स्तरीय टर्मिनल को भारत की आध्यात्मिक राजधानी में तेजी से बढ़ते यात्री यातायात और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है।

वाराणसी हवाई अड्डे पर मौजूदा टर्मिनल अपनी यात्री क्षमता तक पहुंच चुका है।

मंत्री ने वाराणसी में बुधवार 24 जून को नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारतीय विमानन प्राधिकरण (एएआई) और कार्यान्वयन एजेंसियों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की और निर्धारित समय सीमा से काफी पहले अगले छह महीनों के भीतर परियोजना को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने समय पर परियोजना पूरी करने के लिए मंत्रालय के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

लगभग ₹2,870 करोड़ की लागत वाली हवाई अड्डे के विस्तार की परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है और नए टर्मिनल भवन का निर्माण कार्य काफी हद तक पूरा हो चुका है। मंत्री ने एएआई के संगम डिजिटल निगरानी प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी परियोजना की प्रगति की समीक्षा की, जो दैनिक प्रगति अपडेट के माध्यम से देश भर में हवाई अड्डे के अवसंरचना परियोजनाओं की वास्तविक समय में निगरानी करने में सक्षम बनाता है।