UP: स्मार्ट मीटर के दुख से मिलेगी राहत!

Date: 2026-04-25
news-banner

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राज्य सरकार ने गरीब एवं मध्यम वर्ग के विद्युत उपभोक्ताओं को स्मार्ट व प्रीपेड मीटर से हो रही परेशानियों को दूर करने के लिए कुछ कदमों की घोषणा की है ताकि बिजली कटने से बचाने के लिए उन्हें बार-बार बैलेंस न चेक करना पड़े।

प्रदेश के ऊर्जा एवं नगरीय विकास मंत्री अरविन्द शर्मा ने कहा कि ग़रीब और मध्यम वर्ग के उपभोक्ताओं को इन मीटरों की वजह से एक दिक्कत यह आ रही है कि वो रोज़-रोज़ की अपनी कमाई में से प्रीपेड मीटर के रिचार्ज के लिए पैसे नहीं जुटा पा रहे। साथ ही उन्हें अपनी रोजी-रोटी की व्यस्तता के कारण हमेशा बैलेंस चेक करने का समय या आदत नहीं है।

एक किलोवाट वालों को थोड़ी राहत

शर्मा ने कहा कि इन उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए कुछ फैसले लिए गए हैं जिनके मुताबिक़ सबसे कम भार वाले यानि 1 किलोवाट के घरेलू उपभोक्ता अब 30 दिन पर अपना प्रीपेड मीटर रिचार्ज कर सकते हैं। इस दरम्यान स्मार्ट या प्रीपेड मीटर पर उनकी बिजली नहीं कटेगी।

दो किलोवाट पर क्या?

उन्होंने बताया कि 2 किलोवाट भार तक के घरेलू उपभोक्ता को पूर्व की व्यवस्था के अनुसार उनका बैलेंस शून्य होने पर भी अगले 3 दिन अथवा रुपये 200 तक के निगेटिव बैलेंस होने तक बिजली नही काटी जाएगी।

प्रदेश में अधिकारियों को फिर से निर्देश दिया गया है कि किसी भी स्थिति में रविवार या त्योहार या सार्वजनिक अवकाश के दिन बिजलीl नही काटी जाएगी।

पाँच बार आएगा एसएमएस

ऊर्जा मंत्री ने साथ ही यह भी कहा है कि स्मार्ट मीटर में बैलेंस कम होने पर पाँच बार एसएमएस के माध्यम से उपभोक्ताओं को सतर्क किया जाये। उन्होंने कहा कि लगातार प्रयास किया जा रहा है कि बिल का भुगतान या रिचार्ज करने के बाद तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल हो।

Leave Your Comments