त्योहारों से पहले यूपी की 681 सड़कों की मरम्मत के निर्देश, सीएम योगी सख्त

त्योहारों से पहले यूपी की 681 सड़कों की मरम्मत के निर्देश, सीएम योगी सख्त

उत्तर प्रदेश में त्योहारों से पहले क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त करने का निर्देश उत्तर प्रदेश में मानसून की बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में निर्देश दिया कि बरसात के दौरान खराब हुए रास्तों को तत्काल आवागमन योग्य बनाया जाए और बारिश थमने के बाद जरूरत के मुताबिक उनका स्थायी नवीनीकरण कराया जाए। 

मुख्यमंत्री योगी ने आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर काम में किसी तरह की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए। 681 महत्वपूर्ण मार्ग चिन्हित मुख्यमंत्री ने कहा कि गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा, नवरात्रि, दीपावली, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होगी। इसके मद्देनजर 681 महत्वपूर्ण मार्ग चिन्हित किए गए हैं। इन पर प्राथमिकता से मरम्मत कराई जाएगी। 

शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, प्रमुख बाजारों और सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने वाले रास्तों को भी तत्काल ठीक कराने को कहा गया है। बैठक में बताया गया कि अतिवृष्टि के अलावा एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे की निर्माणाधीन परियोजनाओं में भारी वाहनों की आवाजाही से भी कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। नौ विभागों के अधीन करीब 4.36 लाख किलोमीटर मार्गों की समीक्षा हुई। अभियान में 50 हजार किमी को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य है, जिसमें 5,751 किमी पर काम पूरा हो चुका है।

सीएम ने कहा, केवल पैबंद न करें मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि गड्ढामुक्ति केवल पैबंद लगाने तक सीमित नहीं रहे। जहां तत्काल मरम्मत जरूरी है, वहां अभी रास्ता चलने लायक बनाया जाए और बरसात के बाद जरूरत के अनुसार स्थायी नवीनीकरण कराया जाए। विभाग ने करीब 30 हजार किमी नवीनीकरण और पांच हजार किमी विशेष मरम्मत का लक्ष्य बताया। अब तक क्रमश: 14 हजार और 700 किमी काम पूरा हुआ है। उन्होंने गुणवत्ता की निगरानी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के भी निर्देश दिए।