UP में 13.58 करोड़ मतदाताओं की ड्राफ्ट लिस्ट जारी, नाम जुड़वाने और सुधार का मिला मौका

UP में 13.58 करोड़ मतदाताओं की ड्राफ्ट लिस्ट जारी, नाम जुड़वाने और सुधार का मिला मौका
हाइलाइट्स
• यूपी की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में करीब 13.58 करोड़ मतदाता शामिल।
• 16 दिसंबर तक नाम जुड़वाने और सुधार के लिए दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां।
• 4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची।

UP Draft Voter List: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि इस सूची में करीब 13.58 करोड़ मतदाताओं के नाम दर्ज हैं।

ड्राफ्ट सूची जारी होने के साथ ही मतदाताओं को अपनी जानकारी जांचने और उसमें जरूरी बदलाव कराने का एक और मौका दिया गया है। जिन लोगों का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अपात्र नाम हटवाने और नाम-पते सहित अन्य विवरण में संशोधन के लिए भी दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं।

सात महीने में करीब 17 लाख बढ़े मतदाता

प्रदेश में 10 अप्रैल को जारी एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची में 13.39 करोड़ मतदाता दर्ज थे। अब नई ड्राफ्ट सूची में यह संख्या बढ़कर करीब 13.58 करोड़ हो गई है। इस तरह पिछले सात महीनों में मतदाताओं की संख्या में करीब 17 लाख की बढ़ोतरी हुई है।

ड्राफ्ट मतदाता सूची पर 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनके निस्तारण की अंतिम तारीख 28 दिसंबर तय की गई है। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

75 जिलों के 1,73,730 बूथों पर उपलब्ध रहेगी सूची

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा क्षेत्रों की ड्राफ्ट मतदाता सूची 1,73,730 बूथों पर उपलब्ध कराई जाएगी। मतदाता अपने जिले के निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी सूची देख सकेंगे। इसके अलावा बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और राजनीतिक दलों को भी ड्राफ्ट सूची उपलब्ध कराई जाएगी।

शनिवार-रविवार को चलेंगे विशेष अभियान

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, अपात्र नाम हटवाने और दर्ज जानकारी में संशोधन कराने के लिए शनिवार और रविवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मतदाता अपने नाम और अन्य विवरण की जांच कर सकेंगे। जरूरत पड़ने पर संबंधित आवेदन भी जमा करा सकेंगे। दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को उत्तर प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।