स्कैंडल के बाद जेन्सन ह्वांग की पेशकश, बोले- बोर्ड चाहे तो फिर संभालूंगा NVIDIA की कमान

स्कैंडल के बाद जेन्सन ह्वांग की पेशकश, बोले- बोर्ड चाहे तो फिर संभालूंगा NVIDIA की कमान
  • जेन्सन ह्वांग ने निजी जिंदगी की गलतियां स्वीकार कीं
  • बोले- बोर्ड की स्वतंत्र जांच में पूरा सहयोग करूंगा
  • शेयरधारकों और कर्मचारियों के हित में वापसी को तैयार
  • NVIDIA कर्मचारियों और निवेशकों से समर्थन मिलने का दावा

Jensen Huang Statement On NVIDIA : दुनिया की प्रमुख चिप निर्माता कंपनी NVIDIA के पूर्व CEO जेन्सन ह्वांग ने निजी जिंदगी से जुड़े विवाद के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से बयान दिया है। उन्होंने अपनी गलतियों को स्वीकार करते हुए कहा कि वह NVIDIA में सभी कर्मचारियों से अपेक्षित मानकों पर खरे नहीं उतरे और निजी जीवन में उनसे गंभीर गलतियां हुई हैं।

जेन्सन ह्वांग ने कंपनी के बोर्ड के सामने समस्याएं पैदा करने पर अफसोस जताया और स्वतंत्र जांच में पूरा सहयोग करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इसके साथ ही उन्होंने CEO पद पर वापसी का रास्ता भी खुला रखा है।

ह्वांग ने कहा,

यदि कंपनी का निदेशक मंडल शेयरधारकों, कर्मचारियों, कंपनी और अमेरिका के हित में उनकी वापसी को उचित मानता है तो दोबारा CEO की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं।

'मैं अपनी गलतियों की पूरी जिम्मेदारी लेता हूं'

सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में ह्वांग ने कहा कि पिछले एक सप्ताह के दौरान उन्हें दोस्तों, उद्योग जगत के सहयोगियों और ऐसे लोगों से भी काफी समर्थन मिला है, जिन्हें वह व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते। उन्होंने अपने परिवार के प्रति दिखाई गई संवेदनशीलता और समर्थन के लिए सभी का आभार जताया।

उन्होंने अमेरिका से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि वह 53 साल पहले अमेरिका आए थे। अमेरिकी नागरिक बनना उनके जीवन के सबसे बड़े उपहारों और गौरवपूर्ण क्षणों में से एक है। NVIDIA को अपनी जिंदगी का सबसे महत्वपूर्ण काम बताते हुए उन्होंने कहा कि सहयोगियों के साथ मिलकर कंपनी को इस मुकाम तक पहुंचाना उनके लिए सम्मान की बात रही है।

ह्वांग ने स्पष्ट शब्दों में कहा,

मैं NVIDIA में सभी से अपेक्षित मानकों पर खरा नहीं उतरा। मैंने अपने निजी जीवन में गंभीर गलतियां की हैं। मैंने बोर्ड के लिए समस्याएं पैदा कीं, जिसका मुझे गहरा अफसोस है। मैं अपनी गलतियों की पूरी जिम्मेदारी लेता हूं और बोर्ड की स्वतंत्र जांच में सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।

कर्मचारियों और निवेशकों से वापसी की मांग का दावा

ह्वांग ने अपने बयान में दावा किया कि उनके पद छोड़ने के बाद NVIDIA के कर्मचारियों, निवेशकों, कारोबारी साझेदारों और ग्राहकों की ओर से उन्हें CEO के रूप में वापस लाने की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी इस समय तकनीक, बाजार, प्रतिस्पर्धा और भू-राजनीतिक परिस्थितियों से जुड़ी जटिल चुनौतियों का सामना कर रही है।

उन्होंने NVIDIA को अपनी पीढ़ी की एक असाधारण कंपनी बताते हुए कहा कि यदि निदेशक मंडल यह फैसला करता है कि उनकी वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, कंपनी और अमेरिका के हित में होगी तो वह इन अपीलों का जवाब देने और CEO के रूप में लौटने के लिए सम्मानित महसूस करेंगे।

हालांकि, उनकी इस इच्छा का अर्थ यह नहीं है कि कंपनी ने उनकी वापसी पर सहमति दे दी है। द वॉशिंगटन पोस्ट और CBS न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, NVIDIA का बोर्ड फिलहाल उन्हें दोबारा CEO बनाने पर विचार नहीं कर रहा है।

निजी संबंधों और चीन से जुड़े विवाद के बाद दिया बयान

जेन्सन ह्वांग का यह बयान ऐसे समय आया है जब उनकी निजी जिंदगी से जुड़े खुलासों ने NVIDIA को विवादों में ला दिया है। रिपोर्टों के मुताबिक, उनके कई महिलाओं के साथ कथित विवाहेतर संबंधों की जानकारी सामने आई थी। इनमें एलिस ह्वांग नाम की एक कारोबारी अधिकारी के साथ संबंधों का मामला भी शामिल है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को लेकर आई रिपोर्टों में एलिस के चीन से कथित खुफिया संबंधों की आशंका जताई गई है। इन आरोपों की स्वतंत्र जांच की जा रही है।

इस मामले ने केवल ह्वांग की निजी जिंदगी ही नहीं, बल्कि NVIDIA के कारोबारी संबंधों और चीन को AI चिप निर्यात से जुड़े सवालों को भी चर्चा में ला दिया है। कंपनी के बोर्ड की जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि कहीं कंपनी की संवेदनशील जानकारी या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी सूचनाएं प्रभावित तो नहीं हुईं।

ह्वांग ने अपने बयान के अंत में परिवार के प्रति प्यार जताते हुए कहा कि वह अपना शेष जीवन इस योग्य बनने में बिताएंगे कि उनका परिवार उन पर गर्व कर सके।