यूपी के CM योगी आदित्यनाथ का 53वां जन्मदिन, पीएम मोदी ने दी बधाई

Authored By: News Corridors Desk | 05 Jun 2025, 10:51 AM
news-banner

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज, 5 जून को अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर पूरे प्रदेश में उत्सव का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ताओं से लेकर आम नागरिकों तक, हर कोई अपने-अपने अंदाज में मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दे रहा है। सीएम योगी ने अपने जन्मदिन की शुरुआत अयोध्या में भगवान रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन से की। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े इस कदम को उनके समर्थक श्रद्धा और आदर के रूप में देख रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी शुभकामनाएं

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर सीएम योगी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने लिखा:

"उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए लगातार मेहनत की है, जिससे आम लोगों के जीवन में सुधार आया है। ईश्वर उन्हें लंबा और स्वस्थ जीवन दें।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का संदेश


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी योगी आदित्यनाथ को शुभकामनाएं देते हुए लिखा:

"ऊर्जावान और सक्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। बीते वर्षों में उन्होंने उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। वह लगातार जनकल्याण और प्रगति के लिए मेहनत कर रहे हैं। ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र प्रदान करें।"

बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं में खास उत्साह

मुख्यमंत्री योगी के जन्मदिन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं में खास उत्साह देखा गया। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य, सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रदेश के सांसदों, विधायकों और मंत्रियों ने भी सीएम योगी को सोशल मीडिया पोस्ट्स और कार्यक्रमों के जरिए बधाइयां दीं।

योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सेवा कार्य, हवन, भंडारे, रक्तदान शिविर, और भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।इन आयोजनों को ‘सेवा ही संगठन’ की भावना के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं ने आयोजित किया है।