पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार के गठन के साथ ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रशासनिक स्तर पर भी तेजी से काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद उनके निजी सचिव और सलाहकार की नियुक्ति कर दी गई। राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, आईएएस अधिकारी शांतनु बाला को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का निजी सचिव (पीएस) नियुक्त किया गया है। शांतनु बाला इससे पहले दक्षिण 24 परगना जिले में एडीएम के पद पर कार्यरत थे। वहीं, रिटायर्ड आईएएस सुब्रता गुप्ता को मुख्यमंत्री का सलाहकार बनाया गया है। सुब्रता गुप्ता पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान स्पेशल ऑब्जर्वर की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
बंगाल में शुरू हुआ शुभेंदु सरकार का कार्यकाल
शनिवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वह पश्चिम बंगाल में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बने हैं। शुभेंदु अधिकारी के साथ पांच अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक किरतनिया, खुदीराम तुडू और निशीथ प्रामाणिक शामिल हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 294 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज करते हुए 45 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल किए थे, जिसके बाद राज्य में पहली बार बीजेपी की सरकार बनी है।