फायदे नहीं अब खाद्य पैकेज्ड फूड पर लिखे होंगे नुकसान! SC ने दिए सख्त निर्देश

फायदे नहीं अब खाद्य पैकेज्ड फूड पर लिखे होंगे नुकसान! SC ने दिए सख्त निर्देश
हाइलाइट्स
• पैकेट बंद खाने पर हाई फैट, शुगर और नमक के अलग-अलग लाल निशान लगेंगे
• चेतावनी निशान पैकेट के सामने 4 से 5% हिस्से में दिखाना होगा
• FSSAI को 10 हफ्ते में रिपोर्ट और हलफनामा दाखिल करने का निर्देश

पैकेट बंद खाने की चीजें खरीदते समय अब ग्राहकों को उनमें मौजूद ज्यादा फैट, शुगर और नमक की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया है कि तय सीमा से अधिक मात्रा वाले खाद्य पदार्थों के पैकेट के सामने अलग-अलग चेतावनी वाले निशान लगाए जाएं। यानी किसी उत्पाद में फैट, शुगर और नमक तीनों की मात्रा तय सीमा से ज्यादा है, तो उस पर तीन अलग-अलग चेतावनी निशान दिखाने होंगे।

जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट का जोर इस बात पर है कि ग्राहक खरीदारी के समय पैकेट देखकर ही समझ सकें कि उसमें कौन से तत्व अधिक मात्रा में मौजूद हैं।

हाई फैट, शुगर और नमक के लिए अलग-अलग लाल निशान

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, हर चेतावनी निशान लाल रंग के षटकोण यानी छह कोनों वाली आकृति में होना चाहिए। इसके भीतर संबंधित जानकारी और तस्वीर भी दी जाएगी। मसलन, हाई फैट, हाई शुगर या हाई सॉल्ट।

कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि एक ही निशान में तीनों की जानकारी देना पर्याप्त नहीं होगा। यदि किसी खाद्य पदार्थ में फैट, शुगर और नमक तीनों निर्धारित सीमा से अधिक हैं, तो पैकेट पर तीन अलग-अलग चेतावनी निशान लगाने होंगे।

FSSAI को वैज्ञानिक आधार पर तय करनी होगी सीमा

सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI से कहा है कि चेतावनी की सीमा तय करते समय खाने में मौजूद कुल शुगर (Total Sugar) और सैचुरेटेड फैट को आधार बनाया जाए। केवल ऊपर से मिलाई गई चीनी या फैट की मात्रा के आधार पर फैसला नहीं होना चाहिए।

कोर्ट ने यह भी कहा कि इन सीमाओं का निर्धारण वैज्ञानिक तथ्यों और रिसर्च को ध्यान में रखकर किया जाए। बेंच ने चेताया कि अगर सीमा बहुत कम रखी गई तो लगभग हर पैकेट पर चेतावनी लगानी पड़ सकती है। ऐसी स्थिति में लोग इन निशानों को गंभीरता से लेना बंद कर सकते हैं।

इसके उलट, यदि सीमा बहुत अधिक रखी गई तो ऐसे कई उत्पाद भी चेतावनी से बच सकते हैं, जिनमें नुकसान पहुंचाने वाले तत्व ज्यादा मात्रा में मौजूद हैं। इसलिए चेतावनी के मानक तय करते समय दोनों स्थितियों का ध्यान रखना जरूरी है।

पैकेट के सामने कितना बड़ा होगा चेतावनी निशान?

कोर्ट ने चेतावनी निशानों के आकार को लेकर भी निर्देश दिए हैं। प्रत्येक लाल निशान पैकेट के मुख्य हिस्से का करीब 4 से 5 फीसदी होना चाहिए, ताकि खरीदारी के दौरान ग्राहक की नजर उस पर आसानी से पड़ सके।

निशान के अंदर लिखे शब्दों का आकार भी ऐसा रखने को कहा गया है, जिससे सामान्य रोशनी में उन्हें पढ़ने में परेशानी न हो। इसके साथ ही केंद्र सरकार को 2020 के फूड सेफ्टी और लेबलिंग नियमों को सही तरीके से लागू करने का निर्देश दिया गया है।

बच्चों को भी पौष्टिक भोजन के बारे में जागरूक करने पर जोर

सुप्रीम कोर्ट ने केवल पैकेट पर चेतावनी लगाने तक ही बात सीमित नहीं रखी, बल्कि बच्चों में सही खानपान की समझ विकसित करने पर भी जोर दिया है।

कोर्ट ने कहा कि स्कूलों के पाठ्यक्रम में जरूरी बदलाव किए जाएं। बच्चों को पौष्टिक भोजन के बारे में सिर्फ किताबों के जरिए जानकारी देने के बजाय व्यावहारिक रूप से भी समझाया जाए। इसके लिए स्कूलों में वर्कशॉप, अन्य गतिविधियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।

इसका उद्देश्य बच्चों को यह समझाना है कि कौन सा खाना सेहत के लिए अच्छा है और किन खाद्य पदार्थों से बचना चाहिए।

10 हफ्ते बाद फिर होगी मामले की सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI से नए नियमों का ड्राफ्ट तैयार करने की दिशा में हुई प्रगति की जानकारी मांगी है। मामले को 10 हफ्ते बाद दोबारा सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है।

FSSAI को इस अवधि में अपनी रिपोर्ट और हलफनामा कोर्ट में दाखिल करना होगा। इसके बाद मामले में आगे की सुनवाई होगी।