कपिल के शो में सुनील पाल की हुई फजीहत? कॉमेडियन ने खुद बताई पूरी सच्चाई

कपिल के शो में  सुनील पाल की हुई फजीहत? कॉमेडियन ने खुद बताई पूरी सच्चाई

नेटफ्लिक्स के द ग्रेट इंडियन कपिल शो के हालिया “लाफ्टर डे स्पेशल” एपिसोड ने दर्शकों के बीच खूब चर्चा बटोरी। इस एपिसोड में समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया मेहमान बनकर पहुंचे थे। लेकिन सबसे बड़ा सरप्राइज तब मिला, जब कपिल शर्मा ने स्टेज पर सुनील पाल की एंट्री करवाई। समय रैना और सुनील पाल के बीच पहले से ही विवादित रिश्ते रहे हैं। समय कई बार अपने शो में सुनील पाल को रोस्ट कर चुके हैं, वहीं सुनील पाल भी समय को लेकर तीखे बयान देते रहे हैं। एक बार उन्होंने समय को आतंकवादी तक कह दिया था, जिसके बाद मामला काफी चर्चा में आ गया था। ऐसे में दोनों का एक ही मंच पर आमना-सामना होना दर्शकों के लिए काफी दिलचस्प बन गया।

जैसे ही शो में दोनों की मुलाकात हुई, माहौल मजाक और तंज से भर गया। बातचीत के दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर जमकर कटाक्ष किए। कुछ देर बाद ऐसा भी देखने को मिला कि सुनील पाल, कपिल शर्मा और समय रैना दोनों के रोस्ट का हिस्सा बन गए। एपिसोड प्रसारित होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कहना शुरू कर दिया कि सुनील पाल को शो में मजाक का केंद्र बनाने के लिए बुलाया गया था। अब इस पूरे मामले पर खुद सुनील पाल ने प्रतिक्रिया दी है। स्विच को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि उन्हें शो में स्टैंडअप परफॉर्मेंस के लिए बुलाया गया था। उनके मुताबिक, उन्हें कहा गया था कि शो में समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया भी मौजूद रहेंगे और उन्हें परफॉर्म करना होगा। इसी तैयारी के साथ वह शो में पहुंचे थे, लेकिन वहां चीजें अलग तरीके से हुईं।

जब उनसे पूछा गया कि क्या उनके साथ शो में धोखा हुआ, तो उन्होंने साफ कहा कि वह इसे धोखा नहीं मानते। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि जो सोचकर वह गए थे, वैसा वहां नहीं हुआ। सुनील पाल ने यह भी कहा कि शो में जो रोस्टिंग हुई, वह फॉर्मेट का हिस्सा थी। अगर वह चाहते, तो सामने वाले को जवाब में रोस्ट कर सकते थे। उन्होंने साफ किया कि उन्हें इस बात का कोई बुरा नहीं लगा।