दिल्ली। पन्द्रह साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी सबके चहेते बन गये हैं। दिग्गज क्रिकेटरों से लेकर आम लोगों तक में न सिर्फ उनके टैलेंट की चर्चा हो रही है बल्कि उनकी मासूमियत भी लोगों को लुभा रही है। सोशल मीडिया पर भी उनकी फॉलोइंग लगातार बढ़ रही है।
इस IPL सीज़न में वैभव जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे हैं उससे उन आलोचकों ने भी दांतों तले अंगुली दबा ली है जिन्होंने उनके पहले सीज़न के बाद इंतज़ार करने और देखने की बात कही थी। क्रिकेट के दिग्गजों का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी की सफलता का सबसे बड़ा राज उनका बैट स्विंग है जो बिरले ही किसी क्रिकेटर में होता है।
वैभव सूर्यवंशी के बारे में दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ियों क्या सोचते हैं यहां पढ़िए-
एडम गिलक्रिस्ट, आस्ट्रेलियाई क्रिकेटर
"सच कहूँ तो, वैभव सूर्यवंशी को जितना ज्यादा देखता हूँ, उतना ही हैरान होता हूँ। एक 15 साल का लड़का इस तरह कैसे खेल सकता है? वह असाधारण प्रतिभा का धनी है। BCCI को उसका ठीक से ध्यान रखना चाहिए। मैंने पहले कभी ऐसी प्रतिभा नहीं देखी। वैभव सूर्यवंशी सचमुच असाधारण है। वह किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ता और किसी से डरता नहीं है।"
वीरेन्द्र सहवाग, पूर्व सलामी बल्लेबाज़
कई खिलाड़ी अपने पहले साल में शानदार प्रदर्शन करते हैं, लेकिन अगले सीज़न में उनका प्रदर्शन फीका पड़ जाता है। वैभव सूर्यवंशी के साथ भी ऐसा ही होता दिख रहा था, लेकिन दूसरे सीज़न में तो वो और भी बेहतर खेल रहे हैं। जिस तरह से वो हर गेंदबाज पर हावी हो रहे हैं, वो अविश्वसनीय है। अब हर गेंदबाज पूरी तैयारी के साथ आता है, उन्हें समझने की कोशिश करता है, लेकिन समझने के बाद भी कोई उन्हें रोक नहीं पाता। मैंने खुद पंद्रह साल की उम्र में खेलना शुरू किया था, लेकिन उसी उम्र में उन्होंने आईपीएल में ऑरेंज कैप जीत ली है। ये सब वाकई कल्पना से परे है। क्या गजब का टैलेंट है!
युवराज सिंह, पूर्व ऑलराउंडर
वैभव की कमाल की बैट स्पीड है। इतनी तेज बैट स्पीड तो मेरी भी नहीं थी। बहुत कम लोगों की देखी है मैंने और उनकी अच्छी बात है कि उसकी बैट स्पीड में एक ही तरफ़ बैट नहीं चलता। वह अभी यंग है। सीख रहा है। जो उसने सीखा है, कर रहा है। लेकिन उसने जो ऑफ़साइड में छक्के मारे अच्छी बालों को वह क्वालिटी है। मतलब एक तरफ़ का डाइमेंशन नहीं है। पॉवर हिटिंग हर जगह है। यंग एज में उसके पास स्किल बहुत ज्यादा है।
शिखर धवन, पूर्व सलामी बल्लेबाज़
"वैभव सूर्यवंशी बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, मैं उनसे बहुत प्रभावित हूं जिस तरह से वह 145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे गेंदबाजों का आसानी से सामना कर रहे हैं, यह शानदार है और वह दिन दूर नहीं जब वह भारत के लिए पदार्पण करेंगे।”
इरफ़ान पठान, पूर्व ऑलराउंडर
वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह बड़े गेंदबाजों को बड़ी आसानी से निशाना बना लेते हैं। उन्होंने अर्शदीप सिंह का सामना किया और पहले ही ओवर में 14 रन बनाकर टीम को महत्वपूर्ण गति प्रदान की।
एक बार फिर, जिस तरह से वह लेग साइड में खेलते हैं और सीधे शॉट लगाते हैं, वह उनकी अपार प्रतिभा को दर्शाता है। वह लगातार रन बना रहे हैं और अब ऑरेंज कैप के धारक हैं। यह शानदार बल्लेबाजी है!
फिलहाल, एक ही सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम है, जिन्होंने 42 छक्के लगाए हैं। वैभव पहले ही लगभग 37 छक्के लगा चुके हैं, और मुझे विश्वास है कि वह जल्द ही इस रिकॉर्ड को तोड़कर आगे निकल जाएंगे।
श्रेयस अय्यर
"सच कहूँ तो, मैं उनकी बल्लेबाजी देखकर दंग रह गया हूँ। अविश्वसनीय बल्लेबाजी! इस उम्र में इतने उच्च स्तर पर खेलना आसान नहीं होता। लेकिन जिस तरह से वह खेल रहे हैं, वह वाकई तारीफ के काबिल है। वैभव सूर्यवंशी भारत का भविष्य हैं। उनका बैट स्विंग दुनिया के किसी भी बल्लेबाज से बेहतर है। मैं उनके प्रदर्शन से वाकई प्रभावित हूँ।"