Samajwadi Party के वचन पत्र से प्रण पत्र तक: 5 साल में कितने बदले अखिलेश यादव के चुनावी वादे?

Samajwadi Party के वचन पत्र से प्रण पत्र तक: 5 साल में कितने बदले अखिलेश यादव के चुनावी वादे?
हाइलाइट्स
• सपा ने सरकारी नौकरियों का वादा 10 लाख से बढ़ाकर 25 लाख किया
• गन्ना भुगतान की समयसीमा 15 दिन से घटाकर 24 घंटे करने का वादा
• किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए नए वादे, जानें क्या बदला
Samajwadi Party Manifesto : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। संविधान दिवस यानी 26 नवंबर को लखनऊ में जारी इस दस्तावेज को पार्टी ने 'सत्ताइस का संकल्प : PDA का प्रणपत्र' और 'जन-मन का मैनिफेस्टो 2027' नाम दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसमें युवाओं, किसानों, महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों से जुड़े कई वादे किए हैं।

लेकिन इस बार के घोषणा पत्र को समझने के लिए 2022 के 'समाजवादी वचन पत्र' से इसकी तुलना करना जरूरी है। पांच साल पहले सपा ने रोजगार, मुफ्त बिजली, किसानों की कर्जमाफी, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा को लेकर कई घोषणाएं की थीं। अब नए प्रणपत्र में कुछ पुराने वादे दोहराए गए हैं, तो कुछ के लक्ष्य और दायरा बढ़ाया गया है। वहीं, कई नई घोषणाएं भी शामिल की गई हैं।

सबसे ज्यादा चर्चा सरकारी नौकरियों के वादे को लेकर है। 2022 में पांच साल के भीतर 10 लाख सरकारी नौकरियां देने की बात थी, जबकि 2027 के प्रणपत्र में यह लक्ष्य बढ़ाकर 25 लाख कर दिया गया है। बेरोजगार युवाओं के लिए पांच हजार रुपये मासिक पोषण भत्ते का भी वादा किया गया है।

आइए, एक-एक करके समझते हैं कि 2022 के वचन पत्र और 2027 के प्रणपत्र में किन मुद्दों पर क्या बदलाव हुआ है।

युवा और रोजगार: 10 लाख से बढ़कर 25 लाख सरकारी नौकरियों का वादा

रोजगार के मुद्दे पर सपा ने इस बार पहले से बड़ा लक्ष्य रखा है। 2022 के वचन पत्र में पार्टी ने पांच साल में 10 लाख सरकारी नौकरियां और एक करोड़ निजी नौकरियां पैदा करने का वादा किया था। इसके साथ शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम लाने और कौशल विकास केंद्र खोलने की बात भी कही गई थी।

2027 के प्रणपत्र में सरकारी नौकरियों का लक्ष्य बढ़ाकर 25 लाख कर दिया गया है। गैर-सरकारी क्षेत्रों में दो से तीन करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का वादा भी किया गया है।

इस बार ग्रेजुएट छात्रों को लेकर भी अलग घोषणा की गई है। पार्टी ने हर ग्रेजुएट छात्र को नौकरी या रोजगार दिलाने के लिए प्रयास करने की बात कही है। जब तक नौकरी नहीं मिलती, तब तक पांच हजार रुपये प्रतिमाह पोषण भत्ता देने का वादा किया गया है।

कौशल विकास को लेकर भी योजनाएं रखी गई हैं। हर साल पांच लाख युवाओं को कौशल विकास केंद्रों के माध्यम से प्रशिक्षण देने और सालाना 20 लाख युवाओं का कौशल विकास करने की बात कही गई है। इसके अलावा तहसील स्तर पर करियर परामर्श केंद्र खोलने का वादा है।

सरकारी भर्तियों में देरी और परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी प्रणपत्र में घोषणाएं हैं। पार्टी ने भर्ती का वार्षिक कैलेंडर बनाने, पेपर लीक रोकने और परीक्षाओं के परिणाम समय पर घोषित करने की बात कही है।

शिक्षा: लैपटॉप योजना की वापसी और स्कूलों को लेकर नए वादे

शिक्षा के क्षेत्र में 2022 और 2027 के दोनों घोषणा पत्रों में कुछ पुराने वादे कायम हैं। 2022 में सपा ने 12वीं पास करने वाले सभी छात्रों को लैपटॉप देने, छात्राओं को साइकिल और टैबलेट उपलब्ध कराने तथा छात्रावास बनाने की घोषणा की थी। उस समय शिक्षा पर राज्य के बजट का लगभग छह प्रतिशत खर्च करने का वादा भी किया गया था।

अब 2027 के प्रणपत्र में लैपटॉप योजना को फिर से लागू करने की बात कही गई है। इस बार 12वीं पास छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देने का वादा किया गया है।

स्कूलों को लेकर पार्टी ने कहा है कि वर्तमान सरकार द्वारा बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा संचालित किया जाएगा। प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में वाई-फाई की सुविधा देने तथा शिक्षा पर GSDP का छह प्रतिशत खर्च करने की घोषणा भी की गई है।

शिक्षा मित्रों के लिए विशेष अभियान चलाकर उन्हें नियमित करने की बात कही गई है। जब तक ऐसा नहीं होता, उनके मानदेय में पांच हजार रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी का वादा है।

इसके अलावा सरकारी शिक्षा व्यवस्था में सभी रिक्त पदों पर एक साल के भीतर नियुक्तियां करने और संविदा नियुक्तियां बंद करने की घोषणा की गई है।

किसान और कृषि: कर्जमाफी से MSP की कानूनी गारंटी तक

किसानों को लेकर सपा के दोनों घोषणा पत्रों में कई अहम वादे हैं। 2022 के वचन पत्र में कृषि ऋण राहत अधिनियम के तहत किसान आयोग गठित करने और वर्ष 2025 तक सभी किसानों को कर्जमुक्त करने का लक्ष्य रखा गया था।

उस समय स्वामीनाथन फॉर्मूले (C2+50%) के अनुसार दूध समेत सभी फसलों पर MSP देने और आलू के लिए मूल्य क्षतिपूर्ति तंत्र बनाने की बात कही गई थी। गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाने और 15 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का वादा भी शामिल था।

इसके अलावा किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली, शून्य प्रतिशत ब्याज पर लोन और 18 हजार रुपये सालाना किसान पेंशन देने की घोषणा की गई थी। दो एकड़ से कम जमीन वाले लघु एवं सीमांत किसानों को दो बोरी DAP और पांच बोरी यूरिया मुफ्त देने का वादा भी किया गया था।

2027 के प्रणपत्र में किसानों के लिए सभी 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने की बात कही गई है। आलू, टमाटर और प्याज जैसी गैर-MSP फसलों के लिए राज्य सरकार की ओर से मूल्य क्षतिपूर्ति व्यवस्था लागू करने का वादा है।

इस बार तत्काल किसान कर्जमाफी की घोषणा की गई है। गन्ना किसानों के भुगतान के लिए कॉर्पस फंड 10 हजार करोड़ रुपये से बढ़ाकर 15 हजार करोड़ रुपये करने और भुगतान की समयसीमा 15 दिन से घटाकर 24 घंटे करने की बात कही गई है।

ग्रामीण बुनियादी ढांचे के लिए 1.5 लाख करोड़ रुपये का बजट प्रावधान भी नए प्रणपत्र में शामिल है। किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने के साथ ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का वादा किया गया है।

सामाजिक न्याय: जातिगत जनगणना का वादा बरकरार

सामाजिक न्याय के मुद्दे पर सपा ने 2022 के वचन पत्र में जातिगत जनगणना कराने, सामाजिक न्याय आयोग बनाने और दलितों तथा पिछड़ों के लिए आरक्षण प्रभावी तरीके से लागू करने की बात कही थी। सरकारी सेवाओं में बैकलॉग पदों को भरने का वादा भी किया गया था।

2027 के प्रणपत्र में जातिगत जनगणना कराने का संकल्प एक बार फिर दोहराया गया है। पार्टी का कहना है कि इससे अलग-अलग जातियों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का पता चलेगा और उसी आधार पर उनके विकास की योजनाएं बनाई जा सकेंगी।

नए घोषणा पत्र में निजी शिक्षण संस्थानों में आरक्षण के तहत प्रवेश पाने वाले पिछड़े, दलित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों की फीस सरकार द्वारा संस्थानों को देने का वादा किया गया है।

इसके अलावा सरकारी ठेकों और लाभार्थी योजनाओं में गरीब और शोषित वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने की बात कही गई है। अनुसूचित जनजातियों के लिए बोर्ड बनाने और दलित उद्यमियों को प्रोत्साहित करने का वादा भी शामिल है।

महिलाओं के लिए क्या बदला? बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन

महिलाओं से जुड़े वादों में भी दोनों घोषणा पत्रों के बीच अंतर देखने को मिलता है। 2022 के वचन पत्र में बीपीएल परिवारों की महिलाओं को 18 हजार रुपये सालाना समाजवादी पेंशन देने की घोषणा की गई थी। गर्भवती महिलाओं को 15 हजार रुपये की सहायता और विधवा, दिव्यांग व अनाथ लड़कियों की शादी के लिए दो लाख रुपये तथा एक मकान देने का वादा भी था।

इसके अलावा 12वीं पास छात्राओं को 36 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता, महिलाओं के लिए आरक्षण और कौशल विकास योजनाओं की बात कही गई थी।

2027 के प्रणपत्र में महिलाओं के सम्मान, समान अधिकार और विशेष अवसरों पर जोर दिया गया है। इस बार बुजुर्ग महिला कारीगरों को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन देने का वादा किया गया है।

हालांकि, महिलाओं के लिए अलग से विस्तृत घोषणा पत्र जारी करने की बात भी कही गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने घोषणा पत्र जारी करते समय कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए विस्तृत घोषणा पत्र जल्द ही जारी किया जाएगा।

स्वास्थ्य: 10 लाख रुपये के बीमा के साथ अस्पतालों पर फोकस

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर 2022 के वचन पत्र में गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देने का वादा किया गया था। डेढ़ लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को मुफ्त प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल उपलब्ध कराने और सभी जिला अस्पतालों की सुविधाएं बेहतर करने की बात भी कही गई थी।

2027 के प्रणपत्र में बीपीएल परिवारों को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने का वादा दोहराया गया है। इसके साथ सरकारी अस्पतालों में PDA और गरीब नागरिकों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने की बात कही गई है।

इस बार अस्पतालों की सुविधाओं को लेकर कुछ और लक्ष्य रखे गए हैं। सभी 18 मंडलों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने और सभी जिला अस्पतालों को ICU तथा वेंटिलेटर से लैस करने का वादा किया गया है।

इसके अलावा 108 और 102 एंबुलेंस नेटवर्क को आधुनिक बनाने की घोषणा भी नए प्रणपत्र में शामिल है।

कानून-व्यवस्था: पुलिस में AI तकनीक और साइबर यूनिट बनाने का वादा

कानून-व्यवस्था को लेकर 2022 के वचन पत्र में सपा ने मजबूत और उत्तरदायी पुलिस व्यवस्था विकसित करने की बात कही थी। पुलिस बल में खाली पदों को एक साल के भीतर भरने, महिलाओं की भर्ती के लिए विशेष अभियान चलाने और पुलिस थानों की सुविधाएं बेहतर करने का वादा किया गया था।

सभी गांवों और शहरों में CCTV कैमरे तथा ड्रोन सर्विलांस सिस्टम लगाने की घोषणा भी की गई थी। यूपी-100/112 को तकनीक से अपग्रेड करने और रिस्पांस टाइम 15 मिनट से कम करने का लक्ष्य रखा गया था। महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए स्पेशल वुमेन सेल और 1090 वुमेन पावर लाइन को मजबूत करने की बात भी कही गई थी।

2027 के प्रणपत्र में सपा ने कानून-व्यवस्था के लिए 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाने का वादा किया है। महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ संगठित अपराध और हेट क्राइम पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।

साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए सभी जिलों में साइबर यूनिट स्थापित करने और माफिया व गुंडों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष STF बनाने की घोषणा की गई है।

पुलिस व्यवस्था में AI आधारित प्रणाली लागू करने और प्रमुख शहरों में ट्रैफिक सुधारने के लिए AI तकनीक का इस्तेमाल करने का भी वादा है। गांवों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर CCTV कैमरे तथा ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था करने की बात कही गई है।

पुलिस में महिलाओं की नई भर्तियों में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने, खाली पद तत्काल भरने और पुलिसकर्मियों के लिए साप्ताहिक छुट्टी तथा वर्क-लाइफ बैलेंस की व्यवस्था करने का वादा भी शामिल है। 1090 और डायल-112 को मजबूत करने की घोषणा दोहराई गई है।

2022 के वचन पत्र और 2027 के प्रणपत्र में मुख्य अंतर क्या हैं?

दोनों घोषणा पत्रों की तुलना करें तो रोजगार, किसानों और पुलिस व्यवस्था से जुड़े लक्ष्यों में कई बदलाव नजर आते हैं। युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों का वादा 10 लाख से बढ़ाकर 25 लाख किया गया है। निजी क्षेत्र में रोजगार का लक्ष्य एक करोड़ से बढ़ाकर दो से तीन करोड़ किया गया है।

किसानों के मामले में गन्ना भुगतान के लिए कॉर्पस फंड 10 हजार करोड़ रुपये से बढ़ाकर 15 हजार करोड़ रुपये किया गया है। भुगतान की समयसीमा भी 15 दिन से घटाकर 24 घंटे करने का वादा है। महिलाओं के लिए बुजुर्ग कारीगरों को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन देने की नई घोषणा शामिल की गई है।

शिक्षा में लैपटॉप योजना को दोबारा लागू करने के साथ 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को फिर से संचालित करने और रिक्त पदों पर नियुक्तियों का वादा किया गया है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में 18 मंडलों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और जिला अस्पतालों में ICU तथा वेंटिलेटर की सुविधा देने की बात है।

यानी 2027 के प्रणपत्र में सपा ने 2022 के कई पुराने वादों को नए लक्ष्यों के साथ दोहराया है और कुछ क्षेत्रों में नई घोषणाएं जोड़ी हैं। अब इन वादों के जरिए पार्टी ने युवाओं, किसानों, महिलाओं और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को अपने चुनावी एजेंडे में जगह दी है।