सपा के घोषणापत्र कार्यक्रम में छलका आजम खान का दर्द, बोले- मरेंगे लेकिन कुछ करके मरेंगे

सपा के घोषणापत्र कार्यक्रम में छलका आजम खान का दर्द, बोले- मरेंगे लेकिन कुछ करके मरेंगे
हाइलाइट्स
• आजम खान बोले- मैं बहुत सख्त जान हूं, मरेंगे लेकिन कुछ करके मरेंगे
• अपने संघर्ष और मुश्किल दिनों को याद कर छलका आजम का दर्द
• ओवैसी के बयान पर बोले- मुझे प्रधानमंत्री बनवा दें

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने लखनऊ में पार्टी के घोषणापत्र कार्यक्रम के दौरान अपने संघर्ष और मुश्किल दिनों को लेकर खुलकर बात की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि उनके साथ इतने जुल्म हुए हैं कि उनकी जगह कोई दूसरा व्यक्ति होता तो शायद जिंदा नहीं बचता। आजम खान ने खुद को सख्त जान बताते हुए कहा कि तमाम परेशानियों के बावजूद वह मजबूती से खड़े हैं।

अपने संबोधन में आजम खान ने कहा, “मेरी जगह कोई और होता तो मर जाता। मुझ पर बहुत जुल्म हुए हैं। मैं बहुत सख्त जान हूं।” उन्होंने सरकार पर उन्हें परेशान करने और लगातार ज्यादती करने का आरोप भी लगाया।

'हम मरेंगे, लेकिन कुछ करके मरेंगे'

आजम खान ने कहा कि उनके ऊपर जो परिस्थितियां आईं, उन्हें सहना हर किसी के लिए आसान नहीं था। उनका कहना था कि अगर उनकी जगह कोई कमजोर व्यक्ति होता तो शायद इन हालात में टूट जाता।

पीडीए के घोषणा पत्र के लॉन्च कार्यक्रम में उन्होंने अपनी स्थिति का जिक्र करते हुए कहा, “आधा अधूरा आदमी आपके सामने खड़ा है। अगर आम आदमी होता तो मुझे, बेटे और पत्नी को मर जाना चाहिए था। लेकिन हम कुछ करके मरेंगे। 50 साल से समाजवादी पार्टी के साथ हूं।”

उनके इस बयान में अपने मुश्किल दौर और राजनीतिक संघर्ष को लेकर नाराजगी भी नजर आई। आजम खान ने कहा कि वह तमाम मुश्किलों के बाद भी अपने इरादे पर कायम हैं।

आजम खान बोले- मुझे प्रधानमंत्री बनवा दें

इससे पहले आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी के एक बयान पर भी प्रतिक्रिया दी थी। ओवैसी ने कहा था कि अब अब्दुल सिर्फ दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि डिप्टी सीएम बनकर चंद्रशेखर के साथ बैठेगा।

इस पर आजम खान ने अपनी खीझ जाहिर करते हुए कहा, “मेरा ऐलान कर दें, मुझे प्रधानमंत्री बनवा दें। मेरे नाम में तो सिर्फ वजीर लगना ही बाकी है। आजम पहले से हूं।”

सपा के घोषणापत्र कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे आजम खान

आजम खान समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र के लॉन्च कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लखनऊ पहुंचे थे। यहां मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने ओवैसी के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी। वहीं, घोषणापत्र कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने अपने संघर्ष और मुश्किल दिनों को याद किया।

आजम खान के बयान में उनके लंबे राजनीतिक सफर, निजी मुश्किलों और समाजवादी पार्टी के साथ 50 साल के जुड़ाव का जिक्र रहा।