ये फिल्मी दुनिया भी काफी अजीब है। यहां कोई दशकों से राज करता है तो कोई एक दौर का बादशाह तो दूसरे दौर में कही गुम हो जाता है। ऐसा ही एक उदाहरण हाल ही में सामने आया है। हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर की जो इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। कभी फिल्म ‘जोश’ में प्रकाश शर्मा का दमदार किरदार निभाकर पहचान बनाने वाले शरद आज एक्टिंग में वापसी के लिए काम तलाश रहे हैं। पैर में गंभीर चोट लगने के कारण वह फिलहाल अभिनय से दूर हैं। इस बीच उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से उन्हें काम देने की अपील की है। शरद का कहना है कि उन्हें आर्थिक मदद नहीं चाहिए, बल्कि अच्छे किरदार निभाने का अवसर और इंडस्ट्री के लोगों का साथ चाहिए।
हाल ही में शरद कपूर उस समय चर्चा में आए थे, जब उन्हें अपने चार पालतू कुत्तों को शेल्टर होम भेजना पड़ा। इसके बाद उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने अपनी मौजूदा परेशानियों के बारे में बात की। अब उनका एक और वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक्टिंग में दोबारा काम पाने की इच्छा जाहिर कर रहे हैं।
पैर में गंभीर चोट के चलते एक्टिंग से दूर हैं शरद कपूर
शरद कपूर ने एक अन्य वीडियो में अपनी चोट के बारे में जानकारी दी थी। इस वीडियो को अभिनेत्री जया भट्टाचार्य ने शेयर किया था। शरद ने बताया कि वह बार्सिलोना घूमने गए थे। वहां फुटबॉल खेलते समय उनके पैर में गंभीर चोट लग गई।
एक्टर ने इस घटना को मजाकिया अंदाज में याद करते हुए बताया कि वह कुछ बड़े खिलाड़ियों के साथ फुटबॉल खेल रहे थे। उन्हें लगा कि वह भी अच्छे खिलाड़ी हैं और खुद को लियोनेल मेसी समझने लगे थे। इसी दौरान दूसरे खिलाड़ी का पैर उनके पैर से टकरा गया। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि चोट गंभीर है।
शरद के मुताबिक, डॉक्टरों ने उन्हें ठीक होने के लिए करीब दो महीने आराम करने की सलाह दी है। चोट के कारण उनकी एक्टिंग में वापसी भी फिलहाल प्रभावित हुई है।
अच्छे किरदार निभाना चाहते हैं शरद कपूर
शरद कपूर अब जल्द से जल्द अभिनय की दुनिया में लौटना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से काम देने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें पैसों की जरूरत नहीं है, बल्कि वह अपनी अभिनय क्षमता दिखाने के लिए अच्छे मौके चाहते हैं।
एक्टर ने खुद को बेहतरीन अभिनेता बताते हुए कहा कि उन्हें अपनी काबिलियत पर भरोसा है। उन्हें बस एक अच्छा किरदार और इंडस्ट्री के लोगों का थोड़ा साथ व हौसला चाहिए।
शरद ने जनवरी तक काम पर लौटने की उम्मीद जताई है। वह फिल्मों के साथ-साथ टेलीविजन और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी काम करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने नेटफ्लिक्स और जियोहॉटस्टार जैसे प्लेटफॉर्म पर भी काम करने की इच्छा जाहिर की है।
चार पालतू कुत्तों से दूर होकर भावुक हुए अभिनेता
शरद कपूर ने अपने चार पालतू कुत्तों के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि इस समय वह स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे हैं और उन्हें ठीक होने के लिए समय चाहिए। इसी वजह से उनके चारों कुत्ते फिलहाल उनसे दूर हैं।
एक्टर ने भावुक होते हुए कहा कि उनके बच्चे यानी चारों कुत्ते अभी उनसे दूर हैं, लेकिन उन्हें इस बात की खुशी है कि वे अच्छे घर में हैं और सुरक्षित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही वह उन्हें वापस अपने पास ले आएंगे।
फिल्म ‘जोश’ से मिली थी शरद कपूर को पहचान
शरद कपूर ने साल 1996 में फिल्म ‘दस्तक’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह ‘तमन्ना’, ‘जोश’, ‘लक्ष्य’, ‘एलओसी कारगिल’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में नजर आए।
हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा पहचान साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म ‘जोश’ से मिली। इस फिल्म में उन्होंने प्रकाश शर्मा नाम के विलेन का किरदार निभाया था। फिल्म में शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय बच्चन भी मुख्य भूमिकाओं में थे।
‘जोश’ में शरद कपूर के अभिनय को काफी पसंद किया गया था। इस भूमिका के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में बेस्ट एक्टर इन ए नेगेटिव रोल की कैटेगरी में नॉमिनेशन भी मिला था। अब शरद एक बार फिर अच्छे किरदारों के जरिए अभिनय की दुनिया में अपनी वापसी करना चाहते हैं।