250 बाइक से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का संदेश लेकर निकले 500 सवार

250 बाइक से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का संदेश लेकर निकले 500 सवार
हाइलाइट्स
  • दुनिया अब भारत की बात कान खोलकर सुनती है : राजनाथ
  • दुनिया देख रही मोदी की 25 साल की सेवा यात्रा : योगी
  • राइट टाइम, राइट लीडर, राइट वर्क इज नरेंद्र मोदी : नायडू
  • वैश्विक स्तर पर भारत की छवि मजबूत हुई : चिराग पासवान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर गुरुवार को उनकी कर्मभूमि काशी से जन्मभूमि वडनगर तक ‘सेवा संकल्प यात्रा’ शुरू हुई। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह में गुरुवार 17 सितंबर 2026 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने 250 बाइक पर सवार 500 सवारों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 20 दिन की यात्रा में काशी से वडनगर तक जनसंवाद के साथ ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का संदेश दिया जाएगा।

दुनिया में भारत की बातों को गंभीरता से सुना जा रहा : राजनाथ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों को कान खोलकर सुना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को आत्मनिर्भर बनाने और वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भारत अब 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक का रक्षा सामान निर्यात कर रहा है। 2014 से पहले और उसके बाद के भारत में बदलाव साफ दिखाई देता है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मुद्रा योजना के माध्यम से लोगों को अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर दिया और स्किल इंडिया से युवाओं के हुनर को वैश्विक पहचान मिली। तीन करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। काशी की सिल्क और चंदौली के काला चावल जैसे स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का काम हुआ है। उन्होंने कहा कि जहां लोगों की सोचने की शक्ति खत्म होती है, वहां से प्रधानमंत्री मोदी सोचने का काम शुरू करते हैं।

मोदी की 25 वर्ष की सेवा यात्रा दुनिया देख रही : योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करते हुए 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं। आज उनकी सेवा यात्रा को पूरा विश्व देख रहा है। प्रधानमंत्री के प्रयासों से भारत अब दुनिया के देशों से आंख से आंख मिलाकर बात कर सकता है।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गांव आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े हैं। आवास, शौचालय, उज्ज्वला, बिजली, पानी और बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार हुआ है। नया भारत अपनी विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम मंदिर और प्रयागराज महाकुंभ इसके उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाएगी।

‘काशी ऊर्जा की नगरी, मोदी ने बढ़ाया भारत का सम्मान’

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि काशी दुनिया की प्राचीन नगरी होने के साथ ऊर्जा की नगरी भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक स्तर पर भारत की छवि और सम्मान मजबूत किया है। कोविड के दौरान भारत ने दुनिया के सामने अपनी क्षमता दिखाई। किसान सम्मान निधि, आवास, राशन और पेयजल जैसी योजनाओं से लोगों को लाभ मिला है।
नायडू ने कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल हुआ है। उन्होंने कहा, “राइट टाइम, राइट लीडर, राइट वर्क इज नरेंद्र मोदी।” यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही।

युवाओं से विकास में भूमिका निभाने का आह्वान

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत की छवि और सम्मान मजबूत हुआ है। दुनिया के विभिन्न देशों में भारत की क्षमता, संस्कृति और उपलब्धियों को सम्मान की दृष्टि से देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री दिन-रात कार्य करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में जुटे हैं। युवाओं को उनके कार्यों और जीवन से प्रेरणा लेकर देश के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कार्यशैली, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। भारतीय संस्कृति और देश की पहचान को वैश्विक मंच पर नई मजबूती मिलने से प्रत्येक भारतीय का गौरव बढ़ा है।