- पिछले एक सप्ताह में करीब 3,000 फंसे जायरीन भारत लौटे
- सामान्य उड़ानों से 10 हजार से अधिक जायरीन की भी वापसी
- भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास एयरलाइंस के संपर्क में
- प्रभावित भारतीयों की सहायता के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय
|
Stranded Umrah Pilgrims Saudi Arabia: सऊदी अरब में उड़ानें रद्द होने के कारण फंसे भारतीय उमरा जायरीन की सुरक्षित और जल्द वापसी के लिए भारत सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह में सऊदी अरब में फंसे करीब 3,000 उमरा जायरीन उपलब्ध उड़ानों के जरिये भारत लौट चुके हैं। इसके अलावा, सामान्य रूप से उमरा यात्रा पर गए 10,000 से अधिक जायरीन भी इसी अवधि में उपलब्ध उड़ानों से स्वदेश वापस आए हैं।
रणधीर जायसवाल ने बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास प्रभावित जायरीन की जल्द वापसी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एयरलाइंस और टूर ऑपरेटरों के साथ लगातार संपर्क में हैं। अन्य फंसे हुए जायरीन की वापसी के लिए भी व्यवस्थाओं पर चर्चा की जा रही है, ताकि उन्हें जल्द से जल्द भारत लाया जा सके।
एयरलाइंस और टूर ऑपरेटरों से संपर्क
विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास प्रभावित यात्रियों की वापसी के लिए उपलब्ध उड़ानों और अन्य संभावित व्यवस्थाओं पर काम कर रहे हैं। इस प्रक्रिया में संबंधित एयरलाइंस और टूर ऑपरेटरों के साथ समन्वय किया जा रहा है। मंत्रालय का जोर है कि शेष जायरीन की वापसी के लिए जल्द से जल्द उचित व्यवस्था की जाए।
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया की सऊदी अरब के कुछ शहरों के लिए उड़ानें रद्द होने से उमरा जायरीन प्रभावित हुए हैं। इसके चलते कई यात्रियों को अपनी वापसी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम, भारतीयों को सहायता
रणधीर जायसवाल ने बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास स्थानीय समुदाय के स्वयंसेवकों की मदद से प्रभावित भारतीय नागरिकों को हरसंभव कल्याणकारी सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। भारतीय नागरिकों की मदद के लिए दोनों मिशनों में 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही, यात्रियों को जरूरी जानकारी देने के लिए नियमित एडवाइजरी भी जारी की जा रही हैं।
विदेश मंत्रालय की ओर से यह व्यवस्था ऐसे समय में की गई है, जब उड़ानों में व्यवधान के कारण कई जायरीन की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुई हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से यात्रियों को सहायता उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए समन्वय किया जा रहा है।
ओवैसी ने विशेष उड़ानों की व्यवस्था की मांग की
इस बीच, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने केंद्र सरकार से प्रभावित जायरीन की वापसी के लिए बड़े विमानों या विशेष प्रत्यावर्तन उड़ानों की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। उन्होंने इस मामले में नागरिक उड्डयन मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के बीच समन्वय बढ़ाने की भी मांग की है।