मुंबई में बम की धमकी से हड़कंप, अमिताभ बच्चन का बंगला और दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट निशाने पर

मुंबई में बम की धमकी से हड़कंप, अमिताभ बच्चन का बंगला और दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट निशाने पर
हाइलाइट्स
• अमिताभ बच्चन के बंगले को धमकी
• दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात
• मुंबई के स्कूल और मेयर कार्यालय का भी जिक्र
• धमकी भरे ईमेल की जांच में जुटीं एजेंसियां

मुंबई में धमकी भरे ईमेल से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और अन्य अधिकारियों को भेजे गए ईमेल में अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले और गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। ईमेल में मुंबई के स्कूल और महालक्ष्मी रेस कोर्स में भी धमाके की बात कही गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट 27 नवंबर, 2026 को मुंबई में आयोजित होने वाला है। धमकी भरे ईमेल में इसी तारीख को महालक्ष्मी रेस कोर्स में बम धमाके की बात भी लिखी गई है।

ईमेल में मुंबई के स्कूल और मेयर कार्यालय का भी जिक्र

जानकारी के मुताबिक, 23 अक्तूबर को सुबह 11:31 बजे भेजे गए ईमेल में मुंबई मेयर कार्यालय में रात 3:11 बजे धमाका करने की धमकी दी गई। इसके अलावा, 31 अक्तूबर को मुंबई के एक स्कूल में ग्रेनेड हमले की बात कही गई है।

ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे का भी उल्लेख किया गया है। अधिकारियों को मिले इस धमकी भरे संदेश की जांच जारी है।

डीसीपी मनीष कलवानिया ने बताया कि बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) को धमकी भरा ईमेल मिला था। जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि दादर के स्कूलों को भी धमकियां मिली हैं।

मुंबई प्रेस क्लब को भी मिल चुका है धमकी भरा ईमेल

इससे पहले 20 मार्च को मुंबई प्रेस क्लब को भी धमकी भरा ईमेल मिला था। एक अधिकारी के मुताबिक, उस ईमेल में दावा किया गया था कि इमारत के भीतर जहरीली गैस से भरे कई छोटे बम रखे गए हैं, जिनमें दोपहर 1 बजे विस्फोट होने की बात कही गई थी।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, ईमेल 'नीराजा अजमल खान' नाम के किसी व्यक्ति ने भेजा था। संदेश में दावा किया गया था कि प्रेस क्लब की इमारत में 42 'जहरीली गैस' वाले उपकरण लगाए गए हैं।

ईमेल में संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का किया गया था दावा

प्रेस क्लब को भेजे गए ईमेल में कोयंबटूर के मुसलमानों का उल्लेख करते हुए राजनीतिक घटनाक्रम और मीडिया संस्थानों को लेकर नाराजगी जताई गई थी। संदेश में उदयनिधि के परिवार और जीएमके का जिक्र करते हुए नेताओं की UAPA के तहत गिरफ्तारी का दावा भी किया गया था।

ईमेल भेजने वाले ने कहा था कि उपकरणों का उद्देश्य केवल संपत्ति को नुकसान पहुंचाना था। साथ ही, इमारत को खाली करने की अपील भी की गई थी।