रणबीर कपूर हुए 44 के, मां नीतू कपूर ने किया विश तो फ़ैन ने साझा की मेमोरी

रणबीर कपूर हुए 44 के, मां नीतू कपूर ने किया विश तो फ़ैन ने साझा की मेमोरी
हाइलाइट्स :
• जॉर्जियाई फैन ने रणबीर संग 2019 की मुलाकात याद की
• फिल्मफेयर में हुई थी पहली मुलाकात
• नीतू कपूर ने बेटे को ‘राना’ कहकर दी बधाई
• ‘रामायण’ और ‘लव एंड वॉर’ से चर्चा में रणबीर

Ranbir Kapoor 44th Birthday: अभिनेता रणबीर कपूर सोमवार को 44 साल के हो गए। जन्मदिन के मौके पर उनके एक जॉर्जियाई प्रशंसक डेविड बेजिताश्विली ने सोशल मीडिया पर रणबीर के साथ 2019 में हुई मुलाकात की याद साझा की। डेविड ने बताया कि रणबीर के पिता ऋषि कपूर से उनकी दोस्ती 2017 में हुई थी। इसके दो साल बाद मुंबई में फिल्मफेयर अवॉर्ड समारोह के दौरान उनकी रणबीर से पहली व्यक्तिगत मुलाकात हुई।

डेविड के मुताबिक, समारोह में रणबीर आलिया भट्ट के साथ बैठे थे और ‘संजू’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीत चुके थे। डेविड ने जब अपना परिचय ऋषि कपूर के दोस्त के तौर पर देना शुरू किया तो रणबीर ने उन्हें गर्मजोशी से पहचान लिया और बताया कि वह अपने पिता के जरिए उन्हें पहले से जानते हैं। डेविड ने इस व्यवहार को यादगार बताते हुए रणबीर की सहजता और विनम्रता की तारीफ की। उन्होंने उस मुलाकात की सेल्फी भी साझा की और रणबीर को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा कि तस्वीर भले परफेक्ट न हो, लेकिन उससे जुड़ी याद बेहद खास है।

उन्होंने रणबीर को ऋषि कपूर और राज कपूर की सिनेमाई विरासत को आगे बढ़ाने वाला कलाकार भी बताया। पोस्ट के साथ उन्होंने ऋषि कपूर, नीतू सिंह, रणधीर कपूर और राजीव कपूर के साथ पुराने डिनर की याद भी साझा की।

रणबीर के जन्मदिन पर उनकी मां नीतू कपूर ने भी सोशल मीडिया पर बेटे को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रणबीर को प्यार से ‘राना’ कहते हुए अपनी जिंदगी में उसे पाकर खुद को धन्य बताया।
रणबीर का जन्मदिन उनके आगामी प्रोजेक्ट्स के लिहाज से भी खास है। वह नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा उनकी ‘लव एंड वॉर’ और ‘ब्रह्मास्त्र 2’ भी चर्चा में हैं। 2007 में ‘सांवरिया’ से फिल्मी सफर शुरू करने वाले रणबीर ने ‘रॉकस्टार’, ‘बर्फी!’, ‘तमाशा’, ‘संजू’ और ‘एनिमल’ जैसी फिल्मों में अलग-अलग भूमिकाएं निभाई हैं।