Ramayana: जारी हुआ रामायण का नया पोस्टर, पहला गाना भी आउट

Ramayana: जारी हुआ रामायण का नया पोस्टर, पहला गाना भी आउट

Epic Cinema Ramayan: गणेश चतुर्थी के अवसर पर फिल्म निर्माता नमित मल्होत्रा ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ के प्रचार अभियान की शुरुआत नए पोस्टर के साथ की। 
रविवार सुबह 7:30 बजे जारी किए गए पोस्टर में राम और सीता के रूप में रणबीर कपूर और साई पल्लवी की झलक दिखाई गई है। इसके साथ फिल्म के पहले गीत ‘जय जय राम’ को लेकर भी जानकारी साझा की गई।

फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं। ‘जय जय राम’ का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल कवि डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। गीत को श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है। फिल्म के संगीत से अंतरराष्ट्रीय संगीतकार हैंस जिमर भी जुड़े हैं।

पोस्टर में राम और सीता के वनवास काल से जुड़ा एक शांत और भावनात्मक दृश्य प्रस्तुत किया गया है। पोस्टर जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों ने इसकी सराहना की और इसे राम-सीता के संबंध को दर्शाने वाली आकर्षक प्रस्तुति बताया।

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी सीता के किरदार में हैं। दक्षिण भारतीय अभिनेता यश रावण की भूमिका निभाएंगे और सनी देओल हनुमान के रूप में नजर आएंगे।

फिल्म को आईमैक्स प्रारूप के लिए भी फिल्माया जा रहा है। निर्माताओं के अनुसार, ‘रामायण : पार्ट-1’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में दिवाली 2026 के अवसर पर रिलीज होगी। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी टी-सीरीज के पास है, जबकि उत्तरी भारत में इसके वितरण की जिम्मेदारी धर्मा प्रोडक्शंस के वितरण नेटवर्क को दी गई है।