Ram Mandir CEO: राम मंदिर ट्रस्ट के 3 नए ट्रस्टी के नाम फाइनल, जानें कौन-कौन?

Ram Mandir CEO: राम मंदिर ट्रस्ट के 3 नए ट्रस्टी के नाम फाइनल, जानें कौन-कौन?

राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़ी इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में 3 नए ट्रस्टियों की नियुक्ति की गई है। दिल्ली के महेश भागचंदका को नया ट्रस्टी बनाया गया है। महेश भागचंदका को अशोक सिंघल का रिश्तेदार बताया जा रहा है।

इसके अलावा अयोध्या के मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की निर्मला यादव को भी राम मंदिर ट्रस्ट में नया ट्रस्टी बनाया गया है। यानी ट्रस्ट में अब 3 नए चेहरों की एंट्री हुई है।

वहीं, आज राम मंदिर ट्रस्ट को पहला CEO भी मिलने वाला है। CEO के नाम का औपचारिक ऐलान थोड़ी देर में किया जाएगा। फिलहाल राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक चल रही है। यह बैठक ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के आवास मणिरामदास छावनी पर हो रही है।

CEO पद के लिए 3 नाम हुए शॉर्टलिस्ट

राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO के चयन के लिए बनाई गई कमेटी अपनी रिपोर्ट ट्रस्ट को सौंप चुकी है। कमेटी ने 3 नामों की लिस्ट ट्रस्ट को दी है।

CEO की रेस में पूर्व IPS राजेश पांडे का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। इसके अलावा पूर्व IPS अफसर परेश सक्सेना का नाम भी चर्चा में है। वहीं, 2 IAS अधिकारियों में योगेश्वर राम मिश्रा और दिनेश चंद्र सिंह के नाम भी चल रहे हैं।

5 हजार 500 से ज्यादा आवेदन आए थे

CEO के चयन के लिए 3 सदस्यीय कमेटी बनाई गई थी। इसमें रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली, सुरेश हावरे और विष्णुकांत चतुर्वेदी शामिल थे।

CEO पद के लिए 5 हजार 500 से ज्यादा एप्लीकेशन आए थे। इसके बाद सभी आवेदकों को गूगल फॉर्म भेजा गया था, जिसमें 600 नंबर के कुछ सवाल पूछे गए थे। साढ़े 3 हजार से अधिक लोगों ने यह फॉर्म भरकर भेजा था। इसी के आधार पर मार्किंग की गई।

3500 आवेदकों से 17 तक पहुंची रेस

मार्किंग के बाद 3500 लोगों में से 108 ऐसे उम्मीदवार सामने आए, जिन्हें 600 में से 470 से अधिक मार्क्स मिले थे। इसके बाद इन सभी 108 लोगों का वर्चुअल इंटरव्यू हुआ।

वर्चुअल इंटरव्यू के बाद फाइनल तौर पर 17 लोगों को CEO पद के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। इन उम्मीदवारों को फिर फाइनल इंटरव्यू के लिए अयोध्या बुलाया गया।

अयोध्या में हुए फाइनल इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवारों को लीडरशिप कैपेबिलिटी, आस्था, चुनौतियों को समझने की क्षमता और मंदिर की व्यवस्था सहित कई कसौटियों पर परखा गया।

इसके बाद आखिर में 3 नाम शॉर्टलिस्ट किए गए और अब इन्हीं नामों में से राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO के नाम पर फैसला होना है। औपचारिक ऐलान के बाद यह साफ हो जाएगा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की कमान पहले पूर्णकालिक CEO के तौर पर किसे मिलती है।