फर्रुखाबाद में गुरुवार सुबह करीब 11:40 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुलिस लाइन मैदान पहुंचे। बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और उन्हें राहत किट बांटी।
मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर बाढ़ प्रभावित लोगों में खुशी नजर आई। बातचीत के दौरान योगी आदित्यनाथ ने लोगों का हालचाल जाना और राहत सामग्री मिलने के साथ उनकी दूसरी परेशानियों के बारे में भी पूछा।
इसी दौरान बाढ़ पीड़ित रामलली ने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा, “इतना बढ़िया राजा कोई नहीं है।”
तीन तहसीलें बाढ़ से प्रभावित
फर्रुखाबाद की तीन तहसीलें बाढ़ से प्रभावित हैं। हवाई सर्वेक्षण पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन पहुंचे और वहां बाढ़ पीड़ितों से कई बार बातचीत की।
योगी आदित्यनाथ ने लोगों से पूछा कि उन्हें राहत सामग्री मिली या नहीं। उन्होंने यह भी जाना कि किसी को किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है।
रामलली बोलीं- राजा हमारे बीच आए, अच्छा लगा
बाढ़ पीड़ित रामलली ने कहा, “इतना बढ़िया राजा कोई नहीं है। जो भी सुविधा आती है, वह सब मिलती है। राजा हमारे बीच आए, हाल जाना, अच्छा लगा।”
सोमवती ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनसे सामान मिलने और किसी तरह की दिक्कत होने के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को उन्होंने इतने पास से पहले कभी नहीं देखा था।
लोगों ने बताया- मुख्यमंत्री ने पीठ पर हाथ रखा
प्रीति ने मुख्यमंत्री को बहुत अच्छा बताया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने राशन के बारे में पूछा और यह भी जाना कि उन्हें किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है।
राम खिलावन ने बताया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात हो पाएगी। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री ने पास आकर उनकी पीठ पर हाथ रखा, जिससे उन्हें काफी अच्छा लगा।
बुजुर्ग राम रतन बोले- पहली बार बाढ़ पीड़ितों के बीच आए सीएम
बाढ़ पीड़ित बुजुर्ग राम रतन ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर उन्हें अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि मुख्यमंत्री बाढ़ पीड़ितों के बीच आए और उनका हाल जाना।
राम रतन के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि कोई दिक्कत तो नहीं है और वे खुश हैं या नहीं।
वहीं, रॉबिन कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री को इतने करीब से देखना उनके लिए सपने जैसा था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने समस्या होने पर बताने को कहा। रॉबिन कश्यप ने मुख्यमंत्री को बताया कि फिलहाल उन्हें कोई दिक्कत नहीं है।