दिल्ली-NCR में बारिश का अलर्ट, जानें और किन राज्यों में गरजेंगे बादल

Authored By: News Corridors Desk | 10 Apr 2025, 10:53 AM
news-banner
देश के अधिकांश हिस्सों में अप्रैल की शुरुआत के साथ ही जून जैसी भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत के साथ-साथ मध्य और पश्चिम भारत के कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 4-6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। हालांकि कुछ राज्यों में हल्की बारिश की संभावना से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का बदलेगा मिजाज

दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच राहत की खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 10 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। शुक्रवार को भी हल्की बारिश की उम्मीद जताई जा रही है जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि उत्तर प्रदेश में 13 अप्रैल तक तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं बिहार में आज से 12 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पूर्वी भारत के राज्यों जैसे ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में भी 12 अप्रैल तक बारिश होने की संभावना है। इस क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदलने से तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।

दक्षिण भारत में अगले 24 घंटे में बारिश का अलर्ट

अगले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, केरल, तेलंगाना और कर्नाटक में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

राजस्थान में लू की स्थिति और गंभीर हो सकती है, खासकर जयपुर, जोधपुर और बीकानेर जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

वहीं गुजरात के कांडला में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री दर्ज किया गया है, जो उत्तर भारत में अब तक का सबसे अधिक तापमान है।

हीटवेव का अलर्ट: इन राज्यों में सतर्क रहने की जरूरत

मौसम विभाग ने गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश समेत 9 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। कुछ प्रमुख शहरों का तापमान:

मध्य प्रदेश के रतलाम में: 44.2 डिग्री

राजस्थान के बाड़मेर में: 46.5 डिग्री

पिलानी में: 44 डिग्री

महाराष्ट्र के अकोला और जलगांव में: 43.7 डिग्री

इन क्षेत्रों में दिन के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।