राहुल गांधी ने लॉन्च किया 'सत्याग्रह' पोर्टल, देशभर के आंदोलनों को एक मंच पर लाने की कोशिश

राहुल गांधी ने लॉन्च किया 'सत्याग्रह' पोर्टल, देशभर के आंदोलनों को एक मंच पर लाने की कोशिश
हाइलाइट:
• राहुल गांधी ने अन्याय के खिलाफ लड़ रहे लोगों से कहानी मांगी
• कहा, अकेली उठने वाली आवाज अक्सर दब जाती है
• ‘सत्याग्रह’ पहल के जरिए संघर्षों को एक साथ लाने की बात
• संसद और सड़क पर लोगों के साथ खड़े होने का भरोसा

Rahul Gandhi Satyagraha Initiative: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को ‘सत्याग्रह’ नाम का डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। इस पहल के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे विरोध प्रदर्शनों और आंदोलनों की जानकारी को एक जगह लाने की कोशिश की गई है। साथ ही, समान मुद्दों पर संघर्ष कर रहे लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने के लिए इंटरैक्टिव मैप की सुविधा भी दी गई है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लोगों से अन्याय के खिलाफ अपने संघर्ष की कहानी साझा करने की अपील की। उनके मुताबिक, प्रदर्शनकारी अपने मुद्दे और आंदोलन से जुड़ी जानकारी प्लेटफॉर्म पर दर्ज कर सकते हैं।

इंटरैक्टिव मैप पर दिखेगी संघर्ष की कहानी

राहुल गांधी ने कहा कि देशभर में कई लोग अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और कई बार उन्हें अपनी आवाज अकेले उठानी पड़ती है। उन्होंने छात्रों, किसानों, आदिवासियों, दलितों और महिलाओं से जुड़े आंदोलनों का जिक्र किया।

उन्होंने बताया कि ‘सत्याग्रह’ के जरिए इन अलग-अलग आवाजों को एक नक्शे पर लाने की कोशिश की गई है। जो लोग किसी अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं, वे अपनी कहानी प्लेटफॉर्म पर साझा कर सकते हैं।

राहुल गांधी के मुताबिक, कहानी साझा करने में करीब दो मिनट लगेंगे। इसके बाद वह कहानी प्लेटफॉर्म के मैप पर दिखाई देगी। इसके जरिए लोग यह भी देख सकेंगे कि देश के दूसरे हिस्सों में कौन लोग समान मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।

प्रदर्शन छोटा हो या बड़ा, दर्ज कर सकते हैं जानकारी

राहुल गांधी ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में कई मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इनमें छात्रों, महिलाओं, किसानों और महंगाई से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।

उन्होंने लोगों से कहा कि उनका प्रदर्शन छोटा हो या बड़ा, वे वेबसाइट पर उसकी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए नाम, समूह का नाम और प्रदर्शन किस मुद्दे को लेकर है, इसकी जानकारी देने को कहा गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी आंदोलन या प्रदर्शन को उनकी मदद की जरूरत होगी या लोग उनसे समर्थन मांगेंगे, तो वह सहयोग करने की कोशिश करेंगे।

संसद और सड़क पर साथ देने की बात

राहुल गांधी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के तौर पर वह जरूरत के मुताबिक इन मुद्दों को संसद में उठाने, सड़कों पर लोगों के साथ खड़े होने और पत्र लिखने की कोशिश करेंगे।

उन्होंने कहा कि जहां भी उनकी जरूरत होगी, वह लोगों के साथ खड़े होने का प्रयास करेंगे। राहुल गांधी ने इसे नेता प्रतिपक्ष के तौर पर अपनी जिम्मेदारी बताया।

महात्मा गांधी की विचारधारा का भी किया जिक्र

‘सत्याग्रह’ पहल के बारे में बात करते हुए राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की विचारधारा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सत्य एक बड़ी ताकत है और सत्य के साथ एकजुट होकर खड़ा होना उससे भी बड़ी ताकत हो सकती है।

इस पहल के जरिए राहुल गांधी ने देशभर में अलग-अलग मुद्दों को लेकर चल रहे संघर्षों की जानकारी को एक मंच पर लाने और समान मुद्दों पर संघर्ष कर रहे लोगों को जोड़ने की बात कही है।