लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर उन्होंने एलिफेंटा की गुफाओं में बनी भगवान शिव और माता पार्वती की संयुक्त प्रतिमा की तस्वीर साझा की। अर्धनारीश्वर स्वरूप की इस तस्वीर के साथ राहुल ने भाजपा और आरएसएस को असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी बताया। उनका आरोप है कि इन संगठनों को भारत की आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की समझ नहीं है।
अर्धनारीश्वर की तस्वीर साझा कर राहुल गांधी ने क्या लिखा?
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं का जिक्र करते हुए भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, 'मैं भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को जितना गहराई से समझता जा रहा हूं, यह बात उतनी ही साफ होती जा रही है। भाजपा और आरएसएस असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी हैं। उन्हें हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की बिल्कुल समझ नहीं है।'
इस पोस्ट के साथ उन्होंने एलिफेंटा की गुफाओं में बनी भगवान शिव और माता पार्वती की संयुक्त प्रतिमा की तस्वीर भी लगाई। इस प्रतिमा को अर्धनारीश्वर स्वरूप के रूप में जाना जाता है।
क्या है अर्धनारीश्वर स्वरूप का अर्थ?
अर्धनारीश्वर हिंदू धर्म में भगवान शिव और माता पार्वती का संयुक्त स्वरूप है। इस प्रतिमा में आधा हिस्सा पुरुष रूप और आधा हिस्सा स्त्री रूप में दिखाया जाता है। इसमें शिव और शक्ति को एक ही स्वरूप में दर्शाया गया है।
राहुल गांधी ने इसी प्रतिमा को अपनी पोस्ट का हिस्सा बनाकर भारतीय धार्मिक और आध्यात्मिक परंपराओं का उल्लेख किया। उनके पोस्ट का संदर्भ स्त्री और पुरुष के संबंधों से जुड़ा है।
माता-पिता के रिश्ते पर बयान से शुरू हुआ था विवाद
राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पिछले सप्ताह अपनी मां सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey Of Love' के विमोचन कार्यक्रम में दिए गए उनके बयान पर विवाद हुआ था।
कार्यक्रम में राहुल ने अपने माता-पिता के रिश्ते का जिक्र करते हुए बताया था कि खाने के समय उनके पिता बैठे होते थे और उनकी गोद में मां बैठी होती थीं। राहुल के मुताबिक, बचपन में उन्हें यह बिल्कुल सामान्य लगता था।
हालांकि, जब वह अपने दोस्तों के घर जाते थे और वहां उनके माता-पिता को इस तरह साथ नहीं देखते थे, तो उन्हें हैरानी होती थी। उन्होंने दोस्तों से यह भी पूछा था कि उनकी मां उनके पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं।
राहुल ने इस दौरान अपने परिवार के दो बड़े सहारों को खोने का भी जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि पहले उनकी दादी इंदिरा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी गई और फिर उनके पिता राजीव गांधी की विस्फोट में मौत हो गई।
भाजपा समर्थकों को लेकर राहुल ने क्या कहा था?
माता-पिता के रिश्ते पर दिए बयान को लेकर विवाद बढ़ने के बाद राहुल गांधी ने पिछले मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक और पोस्ट की थी। इसमें उन्होंने भाजपा और आरएसएस के समर्थकों को लेकर अपनी बात रखी थी।
राहुल ने कहा था कि उनके दिलों में डर, गुस्से और नफरत ने जाल बुन दिया है, जिसकी वजह से वे प्यार जाहिर नहीं कर पाते। उन्होंने खुद को एक सच्चा हिंदू बताते हुए कहा था कि उनका कर्तव्य लोगों को इस जाल से बाहर निकालना है, ताकि वे भी प्यार और अपनेपन की खूबसूरती महसूस कर सकें।
अपनी पोस्ट के अंत में राहुल ने 'सत्यम शिवम सुंदरम' लिखा था।
कांग्रेस ने राहुल गांधी के बयान का किया था समर्थन
राहुल गांधी के बयान पर कांग्रेस ने उनका बचाव किया था। पार्टी ने कहा था कि प्यार को छिपाने की जरूरत नहीं है, अपनापन कमजोरी नहीं है और बराबरी की शुरुआत अपने साथी को समान दर्जा देने से होती है।
हिमंत बिस्व सरमा ने भी साधा था निशाना
राहुल गांधी के माता-पिता के रिश्ते को लेकर दिए गए बयान पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने राहुल के बयान का वीडियो साझा करते हुए सोनिया गांधी को संबोधित किया था।
सरमा ने तंज कसते हुए कहा था, 'माफ कीजिए मैम, वह आपकी जिंदगी के इतने खास दिन पर भी आपको शर्मिंदगी से नहीं बचा सके। देश को यह बात बहुत पहले समझ आ गई थी। उम्मीद है अब आप भी समझ जाएंगी कि इस प्रोडक्ट को लॉन्च और री-लॉन्च करने का कोई फायदा नहीं है।'