राष्ट्रपति ने म्यंग के सम्मान में दिया भोज, 15 समझौतों पर हस्ताक्षर

Date: 2026-04-21
news-banner

दिल्ली। कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति ली जे म्यंग की दो दिवसीय सफल यात्रा के आखिरी पड़ाव पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार की रात उनके सम्मान में भोज का आयोजन किया। 

भारत की अपनी पहली यात्रा पर आए राष्ट्रपति म्यंग का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने विशेष तौर पर भारत-कोरिया संसदीय मैत्री समूह के अध्यक्ष के तौर पर भारत-कोरिया द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने में उनके योगदान की सराहना की।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के आमंत्रण पर राष्ट्रपति म्यंग ने 19 से 21 अप्रैल, 2026 तक भारत का राजकीय दौरा किया, जो किसी कोरियाई राष्ट्रपति द्वारा पदभार ग्रहण करने के बाद भारत का सबसे शीघ्र किया गया दौरा है। राष्ट्रपति ली जे म्यंग के साथ मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों तथा कोरियाई कंपनियों के प्रमुख मुख्य कार्यकारी अधिकारियों सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी था।

दोनों नेताओं ने 20 अप्रैल को नई दिल्ली में एक मैत्रीपूर्ण, फलदायी और दूरदर्शी द्विपक्षीय बैठक की। उन्होंने अपने-अपने देशों की सरकारों की इस प्रतिबद्धता को रेखांकित किया कि वे बहुआयामी क्षेत्रों में ठोस तरीके से मिलकर कार्य करेंगे, जिससे अपने-अपने नागरिकों के लिए स्थायी समृद्धि, शांति और प्रगति सुनिश्चित की जा सके तथा एक अशांत और तीव्र गति से बदलती दुनिया में परस्पर सार्थक सहयोग को बढ़ावा दिया जा सके।

उन्होंने आगामी पाँच वर्षों (2026–2030) में भारत–कोरिया गणराज्य विशेष सामरिक साझेदारी के कार्यान्वयन तथा उसमें और सामग्री जोड़ने हेतु निम्नलिखित संयुक्त रणनीतिक विज़न की घोषणा की।

कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति की इस यात्रा के दौरान 15 समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। जिन समझौतों पर दस्तख़त किए वो नीचे दिए गए हैं-

1. बंदरगाहों के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता ज्ञापन

2. औद्योगिक सहयोग समिति की स्थापना पर समझौता ज्ञापन

3. इस्पात आपूर्ति श्रृंखला के लिए प्रौद्योगिकी और व्यापार के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता ज्ञापन

4. लघु एवं मध्यम आकार के उद्यमों के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता ज्ञापन

5. समुद्री विरासत के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता ज्ञापन

6. भारत और दक्षिण कोरिया के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को अपग्रेड करने के लिए वार्ता फिर से आरंभ करने पर संयुक्त घोषणा पत्र

7. पारस्परिक सहयोग के संबंध में आईएफएससीए और एफएसएस/एफएससी के बीच समझौता ज्ञापन

8. एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड और कोरियन फाइनेंशियल टेलीकम्युनिकेशंस एंड क्लियरिंग इंस्टीट्यूट के बीच समझौता ज्ञापन

9. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता ज्ञापन

10. भारत-कोरिया डिजिटल सेतु के लिए संरचना

11. जलवायु एवं पर्यावरण के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता ज्ञापन

12. पेरिस समझौते के अनुच्छेद 6.2 के अंतर्गत सहयोगात्मक दृष्टिकोण पर समझौता ज्ञापन

13. वर्ष 2026-2030 के लिए भारत और दक्षिण कोरिया के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम

14. सांस्कृतिक एवं रचनात्मक उद्योगों में सहयोग पर समझौता ज्ञापन

15. खेल क्षेत्र में सहयोग पर समझौता ज्ञापन

कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति की इस यात्रा के दौरान कई घोषणाएं भी गईं जिनका विवरण नीचे दिया गया है-

1. आर्थिक सुरक्षा संवाद का शुभारंभ

2. विशिष्ट आगंतुक कार्यक्रम (डीवीपी) की स्थापना

3. जलवायु परिवर्तन, आर्कटिक और समुद्री सहयोग सहित वैश्विक विषय-वस्‍तुओं पर दोनों विदेश मंत्रालयों के बीच संवाद का शुभारंभ

4. दक्षिण कोरिया का हिंद प्रशांत महासागर पहल में शामिल होना

5. दक्षिण कोरिया का अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन में और भारत का ग्‍लोबल ग्रीन ग्रोथ इंस्‍टीट्यूट (जीजीजीआई) में शामिल होना

6. वर्ष 2028-29 को भारत-दक्षिण कोरिया मैत्री वर्ष के रूप में मनाना

Leave Your Comments