बोले मोदी- वी विल डू इट

बोले मोदी- वी विल डू इट

PM Modi 25 Years in Public Service: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनसेवा में 25 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर उन्होंने विकसित भारत संकल्प सभा में बुधवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एक घंटे के भाषण में कहा, 'जब तक भारत विकसित नहीं होता, तब तक न थकूंगा, न रुकूंगा।’

पीएम ने कहा कि जब उन्होंने सेवा की शुरुआत की, तब संकल्प लिया कि हम करके रहेंगे. आज देश की तस्वीर बदल गई है। उन्होंने कहा कि पहले कोई संकट आता था तो भारत की अर्थव्यवस्था हिल जाती थी लेकिन आज संकट के समय भारत के सामर्थ्य की चर्चा होती है।

उन्होंने कहा कि पहले पॉलिसी पैरालिसिस की चर्चा होती थी, जबकि आज रिफॉर्म एक्सप्रेस की बात होती है। पहले देश में इम्पोर्ट बढ़ाने के रास्ते बनाए जाते थे, लेकिन आज भारत चीज़ों को एक्सपोर्ट कर रहा है।

‘वी विल डू इट'

‘वी विल डू इट... हम करके दिखाएंगे।' पीएम मोदी ने बुधवार को अपने सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में इस नारे का 19 बार जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘मैं महत्वाकांक्षा नहीं, मिशन के लिए जीता हूं। जिसने मुझे गिराया, उसी ने खड़ा होना सिखाया। जिसने मेरा विरोध किया, उसने लोकतंत्र की शक्ति समझाई।’

‘25 साल में देश कहां पहुंचा, यह देखना जरूरी’

पीएम  ने कहा कि हमने इस राष्ट्र में जन्म लिया है, ये एहसास ही अमृत है। इसके सामने सत्ता सुख कुछ नहीं है। पद-प्रतिष्ठा तो कहीं भी मिल सकती है, लेकिन भारत जैसी पुण्यभूमि नहीं मिलेगी। 25 सालों का आकलन इससे नहीं होगा कि मैं कहां पहुंचा, बल्कि इससे होगा कि मेरा देश कहां पहुंचा।”

'भारत अब रुकने वाला नहीं'

उन्होंने कहा कि भारत अब रुकने वाला नहीं है. पीएम मोदी ने भारत के प्राचीन गौरव का भी जिक्र किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद का भी जिक्र किया। पीएम के शब्दों में, स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि 'एक दिन एक महान भारत का जन्म होगा.'

सभी से कुछ सीखा

पीएम मोदी ने कहा कि जब वह पीछे मुड़कर देखते हैं तो उनके मन में केवल कृतज्ञता का भाव आता है। उन्होंने कहा कि जीवन में जिसने उन्हें सिखाया, जिसने जिताया, जिसने गिराया, जिसने साथ दिया और जिसने विरोध किया, सभी ने उन्हें कुछ न कुछ सिखाया।

भगवान से मांगी  ताकत

पीएम मोदी ने बताया कि उन्होंने आज सुबह परमात्मा से 140 करोड़ देशवासियों के लिए प्रार्थना की. उन्होंने भगवान से मांगा कि उन्हें इतनी शक्ति और ताकत दी जाए कि वह देश के लिए पहले से ज्यादा ऊर्जा के साथ काम कर सकें और जनता की सेवा करते रहें.

सीएम से पीएम का सफर

पीएम मोदी ने सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे कर लिए हैं।  उन्होंने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद 26 मई 2014 को उन्होंने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली।  इस तरह मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर उन्हें जनसेवा में 25 साल पूरे हो गए हैं।