प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में भारत और आसियान देशों के बीच साझेदारी को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया ने लगातार कई संकटों का सामना किया है। ऐसे समय में शांति, स्थिरता और भरोसे का माहौल सबसे ज्यादा जरूरी है। पीएम मोदी के मुताबिक, भारत का विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों पक्षों के पास आपसी भागीदारी को नई दिशा देने का सामर्थ्य और संकल्प है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह बैठक व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के साथ सुरक्षित, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में योगदान देगी।
आसियान कम्युनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 पर जताया भरोसा
पीएम मोदी ने इस वर्ष की थीम 'हम सब मिलकर अपने भविष्य की राह तय करें' को विशेष महत्व वाला बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में आसियान कम्युनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, "हमारे पास सामर्थ्य भी है और संकल्प भी जिससे हम आपसी भागीदारी को नई दिशा दे सकते हैं।"
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत और आसियान ने अपनी साझेदारी को नई गति दी है। अब दोनों पक्षों को मिलकर क्षेत्र के भविष्य की दिशा तय करनी होगी। आसियान की एकता और इस साझेदारी में उसकी केंद्रीय भूमिका के प्रति भारत की प्रतिबद्धता अटूट है और आगे भी बनी रहेगी।
भारत की एक्ट ईस्ट नीति से रिश्तों को मिली नई गति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की एक्ट ईस्ट नीति का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में इस नीति ने भारत-आसियान संबंधों को नई गति और गहराई दी है। अब यह साझेदारी केवल साझा संस्कृति और विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में भी नए आयाम हासिल कर चुकी है।
उन्होंने भारत और आसियान के बीच सहयोग से जुड़ी पहलों और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
100 से अधिक पहल और करीब 250 क्विक इंपैक्ट प्रोजेक्ट शुरू
पीएम मोदी के मुताबिक, वर्ष 2014 से अब तक लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की गई हैं। इसके अलावा करीब 250 क्विक इंपैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं और कौशल विकास के लिए 10 हजार से अधिक छात्रवृत्तियां दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि भारत और आसियान के नौ देशों के बीच सीधी उड़ानें और बढ़ता पर्यटन दोनों पक्षों के मजबूत होते संबंधों को दर्शाते हैं।
मनीला के खालसा दीवान गुरुद्वारे पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी
फिलीपींस दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को मनीला स्थित खालसा दीवान गुरुद्वारे भी गए। यहां उन्होंने मत्था टेका और ग्राउंडब्रेकिंग सेरेमनी में हिस्सा लिया। इस दौरान पीएम मोदी ने स्थानीय सिख समुदाय के लोगों से मुलाकात भी की।