नीतीश कुमार अब हाईटेक रेंज रोवर में नजर आएंगे
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही नई और हाईटेक लग्जरी रेंज रोवर गाड़ी से सफर करते दिखाई देंगे। राज्य सरकार उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से बुलेट प्रूफ रेंज रोवर गाड़ियों की खरीद की प्रक्रिया में है। सूत्रों के मुताबिक, एक नहीं बल्कि कुल चार गाड़ियों की खरीद की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब तक इलेक्ट्रिक वाहनों और अन्य भारतीय गाड़ियों का ही इस्तेमाल करते रहे हैं। सादगी और सरल जीवनशैली के लिए पहचाने जाने वाले सीएम के लिए यह पहली बार होगा जब वे इस तरह की हाई-एंड लग्जरी एसयूवी में सफर करेंगे।
सुरक्षा के लिहाज से अहम कदम
अधिकारियों का कहना है कि रेंज रोवर दुनिया की सबसे सुरक्षित और उन्नत तकनीक वाली गाड़ियों में गिनी जाती है। वीवीआईपी मूवमेंट के लिए इसमें विशेष सुरक्षा फीचर्स, मजबूत बॉडी स्ट्रक्चर, एडवांस कम्युनिकेशन सिस्टम और बुलेट प्रूफ प्रोटेक्शन जैसी सुविधाएं मौजूद होती हैं। इसी वजह से देश के कई बड़े नेता और संवेदनशील पदों पर बैठे अधिकारी इस तरह की गाड़ियों का उपयोग करते हैं। इसे सुरक्षा जरूरतों के अनुरूप कदम माना जा रहा है, ताकि मुख्यमंत्री की आवाजाही के दौरान अधिकतम सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
प्रधानमंत्री जैसे वीवीआईपी भी इस्तेमाल करते हैं
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आधिकारिक दौरों के दौरान इसी श्रेणी की हाई-सिक्योरिटी गाड़ियों का इस्तेमाल करते हैं। बिहार सरकार द्वारा मुख्यमंत्री के लिए रेंज रोवर जैसी गाड़ी लेने को इसी मानक के अनुरूप सुरक्षा कदम के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासनिक प्रक्रिया तेज कर दी गई है और तकनीकी मानकों, सुरक्षा फीचर्स और औपचारिकताओं की जांच की जा रही है। प्रक्रिया पूरी होते ही ये गाड़ियां मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल कर ली जाएंगी।