Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर में महात्मा गांधी को पहना दी BJP भगवा टोपी, राजद ने गंगाजल से किया शुद्धिकरण

Authored By: News Corridors Desk | 15 Sep 2025, 05:44 PM
news-banner

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शनिवार को एक ऐसी घटना घटी, जिसने राजनीतिक गलियारों में भूचाल ला दिया। मीनापुर के रामकृष्ण उच्च विद्यालय के गेट पर लगी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर NDA कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान BJP का भगवा झंडा, पट्टा और टोपी पहना दी गई। यह देखते ही विपक्षी दलों में आक्रोश फैल गया। रविवार को RJD विधायक मुन्ना यादव ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर प्रतिमा को गंगाजल से धोया और अपमान के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

NDA सम्मेलन में क्या हुआ? 

मामला शनिवार का है, जब मीनापुर में NDA का कार्यकर्ता सम्मेलन हो रहा था। मंच पर BJP के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन और संजय झा समेत कई बड़े नेता मौजूद थे। इसी दौरान किसी ने गांधी जी की प्रतिमा के सिर पर BJP की भगवा टोपी पहना दी, गले में कमल का पट्टा बांध दिया और हाथ में लाठी के साथ पार्टी का झंडा थमा दिया। यह फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे हंगामा मच गया। RJD और कांग्रेस ने इसे राष्ट्रपिता का घोर अपमान बताया।

गंगाजल से धोया, तिरंगा थमाया

रविवार को RJD विधायक राजीव कुमार उर्फ मुन्ना यादव कार्यकर्ताओं के साथ विद्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रतिमा को गंगाजल से स्नान कराया, पूजा-अर्चना की और गांधी जी के सिर पर सफेद गांधी टोपी तथा हाथ में तिरंगा थमा दिया। इसके बाद सभी ने पुष्पांजलि चढ़ाई। मुन्ना यादव ने कहा, "मीनापुर शहीदों की धरती है, यहां बापू का अपमान बर्दाश्त नहीं। बापू, हम शर्मिंदा हैं, आपके कातिल जिंदा हैं।" उन्होंने इस कृत्य को शर्मनाक बताते हुए दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

विरोध प्रदर्शन

RJD कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नारों के बीच उन्होंने मांग की कि घटना के समय मौजूद मीनापुर थानाध्यक्ष और सर्किल इंस्पेक्टर पर भी कार्रवाई हो। मुन्ना यादव ने चेतावनी दी, "दो दिनों में FIR दर्ज न हुई और गिरफ्तारी न हुई तो बड़ा आंदोलन होगा।" RJD प्रखंड अध्यक्ष उमाशंकर सहनी, युवा RJD प्रदेश महासचिव विक्रांत यादव और किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष सच्चिदानंद कुशवाहा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर थे। उन्होंने पुलिस को आवेदन देकर FIR की मांग की।

BJP नेता अजय कुमार ने घटना को RJD और कांग्रेस की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा, "यह हमारी छवि खराब करने का प्रयास है। NDA सम्मेलन में ऐसा कुछ नहीं हुआ।" कांग्रेस सोमवार को DM से मिलकर कार्रवाई की मांग करेगी। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से ठीक पहले यह विवाद सियासी तापमान बढ़ा रहा है।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने शनिवार देर रात प्रतिमा से भगवा सामान हटवाकर जब्त कर लिया और थाने में सनहा दर्ज किया। घटना की वीडियोग्राफी भी कराई गई। DSP पूर्वी अलय वत्स ने बताया, "मीनापुर पुलिस जांच कर रही है। अभी तक अपराधी का पता नहीं चला।" RJD की FIR मांग पर पुलिस विचार कर रही है।