एक करोड़ बच्चों से जुडे मोदी, नशे के ख़िलाफ़ छेड़ा महा-अभियान

एक करोड़ बच्चों से जुडे मोदी, नशे के ख़िलाफ़ छेड़ा महा-अभियान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को नशीले पदार्थों के सेवन के ख़िलाफ़ महा अभियान की शुरुआत करते हुए देश के लाखों बच्चों से संवाद किया।

प्रधानमंत्री से देशभर से बच्चे ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

प्रधानमंत्री ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा,”नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ़ 100 हफ़्ते तक चलने वाले अभियान 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' की शुरुआत के मौके पर मैं हर नागरिक, और खासकर युवाओं से इस मुहिम में शामिल होने की अपील करता हूँ।”

उन्होंने कहा कि आज जब देश ने विकसित भारत का लक्ष्य तय किया है तो इसके लिए आवश्यक है कि देश का युवा, तन से स्वस्थ हो, मन स्वस्थ हो, आत्मविश्वास से भरपूर हो और ड्रग्स जैसी घातक आदत से हमेशा दूर हो।

मोदी ने कहा कि अगर कोई युवा गलती से नशे में फंस भी गया है तो इसका ये मतलब बिल्कुल नहीं है कि उसके सारे रास्ते बंद हो गए हैं!

उन्होंने कहा, “हमें हमेशा इस बात का ध्यान रखना है कि घर का कोई बच्चा अगर नशे का शिकार बन गया है तो इसे सामाजिक प्रतिष्ठा की आड़ में छिपाएं नहीं।मेडिकल हेल्प से अपने बच्चे को नशे से मुक्त कराने का प्रयास करें।”

अभिभावकों से अपील करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि परिवार में बच्चों से खुलकर संवाद की संस्कृति भी बनानी चाहिए ताकि, ऐसे भंवर में फँसने से पहले ही आप उसका हाथ थाम सकें।

अध्यापकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा, “एक आवाहन मैं कॉलेज और यूनिवर्सिटीज़ के हमारे प्रोफेसर्स से भी करना चाहता हूँ। आप भी कोर्स की पढ़ाई के साथ-साथ स्टूडेंट्स के साथ ड्रग्स के खतरों पर बात करें।नशे के खिलाफ अपने कैम्पस में एक मूवमेंट चलाएं।”

इससे पहले अपने अपने स्कूलों और अन्य स्थानों से ऑनलाइन जुड़े बच्चों और अन्य लोगों ने नशे के ख़िलाफ़ काम करने का संकल्प लिया।