‘मैं बिल्कुल स्वस्थ हूं’, बीमारी की अफवाह फैलाने पर आकाश आनंद पर भड़कींं मायावती

‘मैं बिल्कुल स्वस्थ हूं’, बीमारी की अफवाह फैलाने पर आकाश आनंद पर भड़कींं मायावती

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और BSP सुप्रीमो मायावती ने अपनी सेहत को लेकर चल रही अफवाहों पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि वह बिल्कुल स्वस्थ हैं और आरोप लगाया कि पार्टी से निष्कासित आकाश आनंद उनकी बीमारी को लेकर अफवाह फैला रहे हैं। मायावती ने रविवार, 13 सितंबर को राजधानी लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह बात कही।

इस दौरान मायावती ने आकाश आनंद के अलावा BRICS सम्मेलन, लखनऊ के ईको गार्डन में पंचायत सहायकों के प्रदर्शन और BSP के संगठन विस्तार को लेकर भी अपनी बात रखी।

आकाश आनंद पर मायावती ने लगाए आरोप

मायावती ने कहा कि आकाश आनंद के निष्कासन के बाद उनकी तबीयत खराब होने की अफवाहें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी सुरक्षा में तैनात आलोक कुमार के पास आकाश आनंद का फोन आया था।

मायावती के मुताबिक, आकाश आनंद ने उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली और यह भी कहा कि इस बात की जानकारी किसी को न दी जाए कि उन्होंने उनकी तबीयत के बारे में पूछा है।

‘आकाश अभी भी अपने ससुर सिद्धार्थ के प्रभाव में’

मायावती ने आरोप लगाया कि आकाश आनंद अभी भी अपने ससुर सिद्धार्थ के प्रभाव में हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि संभव है कि आकाश आनंद की नीयत सही हो, लेकिन वह अभी भी सिद्धार्थ के प्रभाव में काम कर रहे हैं।

मायावती ने अपनी बीमारी को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर लोगों को सावधान रहने की अपील की। उन्होंने मीडिया और देशभर के लोगों से कहा कि ऐसी अफवाहों पर भरोसा न करें।

BSP संगठन विस्तार को लेकर मायावती का बड़ा फैसला

मायावती ने BSP के संगठन विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि बहुजन समाज को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए ऑल इंडिया बैठक बुलाई गई थी। इसका उद्देश्य संगठन को युद्ध स्तर पर मजबूत करने के लिए काम करना है।

उन्होंने बताया कि संगठनात्मक कामकाज को नए तरीके से व्यवस्थित किया गया है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को एक सेक्टर में रखा गया है, जबकि देश के दूसरे हिस्सों को दो अन्य सेक्टरों में बांटकर काम किया जा रहा है। इसके साथ ही सेक्टर प्रभारी का पद खत्म कर दिया गया है।

मायावती ने कहा कि BSP पूरे देश में अपना जनाधार बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है और उनके हालिया फैसलों से संगठन को फायदा हो रहा है।

अधूरे बहुजन समाज के काम को आगे बढ़ाने की बात

BSP सुप्रीमो ने कहा कि बहुजन समाज के जिस काम को अब तक अधूरा माना जा रहा था, उसे तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उनके मुताबिक, पार्टी के पदाधिकारी और प्रभारी संगठन के काम की प्रगति रिपोर्ट ले रहे हैं।

मायावती ने बताया कि BSP के राष्ट्रीय महासचिव आनंद दिल्ली में संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर उनसे बात कर जानकारी देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के केंद्रीय कार्यालय की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

पंचायत सहायकों के प्रदर्शन पर भी बोलीं मायावती

लखनऊ के ईको गार्डन में पंचायत सहायकों के धरने को लेकर मायावती ने सरकार से उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पंचायत सहायकों की मांगों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और उनका मानदेय बढ़ाया जाना चाहिए।

BRICS सम्मेलन को बताया उम्मीद जगाने वाला

BRICS सम्मेलन को लेकर मायावती ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में हो रहे सम्मेलन में सर्वसम्मति बनना किसी कूटनीति से कम नहीं है। उन्होंने इसे उम्मीद जगाने वाली बात बताया।

मायावती ने कहा कि अगर BRICS करेंसी की दिशा में आगे बढ़ता है तो यह बड़ी बात होगी। उन्होंने फलस्तीन और पहलगाम के मुद्दे पर हुई चर्चा को भी सराहनीय बताया।

उन्होंने कहा कि इस बैठक से आखिर क्या निकलकर सामने आएगा, यह आने वाला समय बताएगा। साथ ही मायावती ने भारत और चीन के बीच सीमा विवाद खत्म होने की उम्मीद भी जताई।