अलवर में भजन गायक कन्हैया मित्तल का मंच पर हंगामा, बाद में बिना माइक गाया भजन

Authored By: News Corridors Desk | 21 Mar 2026, 04:00 PM
news-banner

राजस्थान के अलवर में चल रही कथा के दौरान भजन गायक कन्हैया मित्तल एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। इंद्रेश उपाध्याय की कथा में भजन गाने पहुंचे मित्तल का मंच पर साउंड ऑपरेटर के साथ विवाद हो गया, जिसके बाद माहौल कुछ देर के लिए गरमा गया। दरअसल, अलवर के विजयनगर मैदान में 17 मार्च से इंद्रेश उपाध्याय की कथा का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन शुरुआत से ही विभिन्न कारणों को लेकर चर्चा में बना हुआ है। आयोजन समिति पर अव्यवस्थाओं के आरोप भी लगे हैं और कथा में अपेक्षा से कम भीड़ देखने को मिल रही है।

गुरुवार शाम कीर्तन के दौरान कन्हैया मित्तल श्याम भजन प्रस्तुत करने के लिए मंच पर पहुंचे। उन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद थे। भजन के दौरान साउंड सिस्टम में कुछ तकनीकी दिक्कत आई, जिस पर मित्तल ने साउंड ऑपरेटर को आवाज साफ करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि साउंड ऑपरेटर ने साउंड बंद कर दिया और आगे काम करने से इनकार कर दिया। इसके बाद कन्हैया मित्तल ने मंच से ही नाराजगी जताई और बिना माइक के ही भजन गाना शुरू कर दिया।

इस दौरान उन्होंने साउंड ऑपरेटर पर तंज कसते हुए कहा कि “इतना घमंड तो डोनाल्ड ट्रंप में भी नहीं है।” उनके इस बयान के बाद माहौल और भी गर्म हो गया, लेकिन उन्होंने भजन गाना जारी रखा। यह घटना अब चर्चा का विषय बन गई है और सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर आयोजन समिति की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।