- जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता की मौत
- रांची से पटना जाते समय जनशताब्दी एक्सप्रेस से हुए थे लापता
- जरवाडीह गांव के पास रेलवे ट्रैक के निकट मिला शव
- आईआईएमसी के पूर्व छात्रों ने झारखंड पुलिस से जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की
|
Devpalik Gupta Death: प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव झारखंड में रेलवे ट्रैक के पास मिलने से उनके परिवार, मित्रों और पार्टी समर्थकों में शोक है। देवपालिक 26 अक्टूबर को रांची से पटना जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस से यात्रा के दौरान लापता हो गए थे। अगले दिन उनका शव झारखंड के जरवाडीह गांव के पास रेलवे ट्रैक के निकट एक वन क्षेत्र में मिला। पुलिस को आशंका है कि वह ट्रेन से गिर गए होंगे। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मिली जानकारी के अनुसार, देवपालिक गुप्ता अपने दो दोस्तों के साथ रांची से पटना लौट रहे थे। उन्होंने दोपहर करीब 2:25 बजे रांची से ट्रेन पकड़ी थी। बताया गया है कि मूरी जंक्शन से पहले उन्हें आखिरी बार ट्रेन के पैंट्री कार की ओर जाते हुए देखा गया था। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। अगले दिन रेलवे ट्रैक के पास उनका शव बरामद किया गया। उनके भाई ने शव की पहचान की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल, पुलिस दुर्घटनावश ट्रेन से गिरने की आशंका को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
आईआईएमसी के पूर्व छात्रों ने जताया शोक
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन एलुमनी एसोसिएशन (IIMCAA) ने देवपालिक गुप्ता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एसोसिएशन के अनुसार, देवपालिक दिल्ली स्थित आईआईएमसी के हिंदी पत्रकारिता विभाग के 2018-19 बैच के पूर्व छात्र थे।
IIMCAA ने अपने संदेश में कहा कि झारखंड में रहस्यमय परिस्थितियों में अपने पूर्व छात्र को खोने से संगठन दुखी है। एसोसिएशन ने शोक संतप्त परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति मिलने की प्रार्थना की।
झारखंड पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग
आईआईएमसी के पूर्व छात्रों के संगठन ने झारखंड पुलिस से घटना की गहन जांच करने और जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द सार्वजनिक करने की मांग की है। देवपालिक के मित्रों, पूर्व सहपाठियों और जन सुराज पार्टी के समर्थकों ने भी घटना पर दुख जताया है।