इंडोनेशिया में 243 लोगों को लेकर जा रहा यात्री जहाज लापता, 102 सुरक्षित बचाए गए

इंडोनेशिया में 243 लोगों को लेकर जा रहा यात्री जहाज लापता, 102 सुरक्षित बचाए गए

इंडोनेशिया में रविवार को 243 लोगों को लेकर जा रहा एक यात्री जहाज समंदर में लापता हो गया। अधिकारियों के मुताबिक, जहाज पर कम से कम 240 लोग सवार थे। अब तक 102 यात्रियों को सुरक्षित बचाया जा चुका है, जबकि हादसे में एक यात्री की मौत हुई है। घटना के बाद इंडोनेशियाई बचाव दल ने जावा सागर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

जावा सागर में जहाज से टूटा संपर्क

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, यात्री जहाज जावा सागर में लापता हुआ है। यह जहाज पूर्वी जावा से बोर्नियो द्वीप के दक्षिण कालीमंतन की ओर जा रहा था। दक्षिण कालीमंतन प्रांत की राजधानी बंजारमासिन स्थित सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस को 'वर्को ट्रांसपोर्ट 8' के कम्युनिकेशन सिस्टम में खराबी की जानकारी मिली थी।

अधिकारियों के अनुसार, जहाज के खराब मौसम का सामना करने की जानकारी मिलने के बाद उसके ऑपरेटर ने घटना की सूचना दी। जहाज पूर्वी जावा प्रांत के सुरबाया से बंजारमासिन शहर जा रहा था। सुरबाया इंडोनेशिया का दूसरा सबसे बड़ा शहर है।

आखिरी लोकेशन बंजारमासिन से 148 किलोमीटर दूर

जहाज की आखिरी लोकेशन जावा सागर में मिली थी। यह जगह बंजारमासिन के एक घाट से लगभग 148 किलोमीटर दूर है। बंजारमासिन की बचाव एजेंसी के ऑपरेशन चीफ एरियांतो अर्डी ने जहाज से संपर्क टूटने की पुष्टि की।

इसके बाद बचाव कर्मियों को उस इलाके में भेजा गया और लापता यात्रियों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया।

जावा सागर से जुड़ी खास जानकारी

जावा सागर इंडोनेशिया के पास स्थित है और इसके सभी द्वीप इंडोनेशिया में ही हैं। इसका क्षेत्रफल करीब तीन लाख वर्ग किलोमीटर है। ओरिजिनल डाइविंग की रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी औसत गहराई सिर्फ 46 मीटर है।

जावा सागर में तीन हजार से अधिक समुद्री प्रजातियां हैं। इसका निर्माण अंतिम हिमयुग के दौरान हुआ था। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान भी जावा सागर में कई जंग हुई थीं। यह इलाका भारत से करीब 18 हजार किलोमीटर दूर है।