दिल्ली। नौ महीने की गंभीर बातचीत के बाद भारत-न्यूजीलैंड ने सोमवार को मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए जिसके तहत न्यूजीलैंड में भारतीय निर्यात को 100% शुल्क-मुक्त पहुँच मिलेगी जबकि न्यूज़ीलैंड भारत में 20 अरब डॉलर का निवेश करेगा।
समझौते पर भारत की तरफ़ से केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और न्यूज़ीलैंड की तरफ़ से वहां के व्यापार मंत्री टॉड मैकक्ले ने हस्ताक्षर किए।
समझौते के बाद गोयल ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड ने भारत का पहला महिला नेतृत्व वाला मुक्त व्यापार समझौता पर हस्ताक्षर किए हैं, जो द्विपक्षीय आर्थिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि यह समझौता न्यूजीलैंड में भारतीय निर्यात को 100% शुल्क-मुक्त पहुँच प्रदान करता है, जिससे लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs), किसानों, महिलाओं, युवाओं, पेशेवरों और रोजगार सृजन क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण अवसर खुलते हैं, साथ ही एक संतुलित और सुनियोजित ढांचे के माध्यम से भारत के संवेदनशील हितों की रक्षा भी होती है।
समझौते पर पीएम मोदी
इस समझौते पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, आज भारत-न्यूजीलैंड साझेदारी के इतिहास में एक महत्वपूर्ण क्षण है! उन्होंने कहा, ‘ मुझे यह जानकर बेहद खुशी हो रही है कि आज हस्ताक्षरित भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता हमारी विकासात्मक साझेदारी को अभूतपूर्व गति प्रदान करेगा। यह हमारे दोनों देशों के बीच गहरे विश्वास, साझा मूल्यों और महत्वाकांक्षा को दर्शाता है।’
क्रिस्टोफर लक्सन का पोस्ट
इस समझौते पर न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने एक लंबा पोस्ट लिखा और कहा, ‘आज का दिन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन यह तो बस शुरुआत है। हम भारत-न्यूजीलैंड संबंधों के अगले अध्याय को लेकर उत्साहित हैं।’