इमरान की रिहाई को लेकर पाकिस्तान में बढ़ा तनाव

इमरान की रिहाई को लेकर पाकिस्तान में बढ़ा तनाव
हाइलाइट्स :
पाकिस्तान में विरोध प्रदर्शन की तैयारी
27 सितंबर को इस्लामाबाद में प्रस्तावित PTI के मार्च से पहले सुरक्षा कड़ी
राजधानी के प्रवेश मार्गों पर 1,500 से अधिक कंटेनर लगाए जाने की तैयारी
रावलपिंडी के कुछ इलाकों में मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं पर रोक की तैयारी
इमरान की तीन बहनों की हिरासत पर एमनेस्टी इंटरनेशनल ने जताई चिंता

Islamabad Protest For Imran Khan: पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर 27 सितंबर को प्रस्तावित पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ PTI के मार्च से पहले तनाव बढ़ गया है। इस्लामाबाद और रावलपिंडी में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। स्थानीय मीडिया के अनुसार राजधानी के प्रमुख मार्गों और प्रवेश बिंदुओं को अवरुद्ध करने के लिए 1,500 से अधिक कंटेनर लगाए जा रहे हैं।

मोबाइल-इंटरनेट सेवाओं पर रोक की तैयारी

पंजाब के गृह विभाग ने केंद्र सरकार से रावलपिंडी और अटक के कुछ इलाकों में 27 सितंबर से मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं को सीमित करने का अनुरोध किया है। रिपोर्टों के मुताबिक कुछ क्षेत्रों में 2जी, 3जी और 4जी नेटवर्क पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है। PTI  ने 27 सितंबर को देशव्यापी विरोध और इस्लामाबाद मार्च का आह्वान किया है।

इमरान की बहनों की हिरासत पर विवाद

मार्च से पहले इमरान खान की तीन बहनों अलीमा खान, उजमा खान और नोरीन नियाजी को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। एमनेस्टी इंटरनेशनल ने कहा है कि इमरान के परिवार के सदस्यों और PTI कार्यकर्ताओं की हिरासत उनके स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति, संगठन और शांतिपूर्ण सभा के अधिकारों का उल्लंघन है। संगठन ने उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है।

महबूबा मुफ्ती ने भी जताई चिंता

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया पोस्ट में इमरान की बहनों की हिरासत पर चिंता जताते हुए उन्हें रिहा करने की उम्मीद व्यक्त की। उन्होंने पाकिस्तान में असहमति के प्रति कथित असहिष्णुता पर सवाल उठाया। वहीं, पाकिस्तान सरकार ने मार्च को रोकने के लिए सुरक्षा इंतजाम बढ़ाए हैं।