विजय पहली ही बार में सत्ता तक पहुंचने वाले पहले शख्स नहीं, पहले भी हैं तीन

Date: 2026-05-05
news-banner

दिल्ली। कोई पार्टी पहली बार चुनाव लड़े और सत्ता उसके पास आ जाये। ऐसा होना बहुत कठिन है लेकिन भारतीय लोकतंत्र में ये करिश्मा चौथी बार हुआ है। भारत में अभी तक सिर्फ 3 ही ऐसी पार्टियां हुई है जिन्होंने अपने पहले ही चुनाव में जीत हासिल कर सरकार बनाने में सफल हुई हैं। अब चौथी पार्टी ऐसा ही करिश्मा करने के क़रीब है और अगले कुछ दिनों में साफ़ हो जाएगा कि सत्ता में आती है या नहीं।

यहां जानिए ऐसा करिश्मा करने वाली पार्टियों के बारे में

तेलुगु देशम पार्टी TDP

TDP फ़िलहाल आंध्र प्रदेश में सत्ता में है और एन चंद्रबाबू नायडू मुख्यमंत्री हैं। इस पार्टी का गठन 1982 में हुआ था  अगले ही साल यानि 1983 में इस पार्टी ने आंध्र प्रदेश का विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कर सरकार बनाई। यह पार्टी दक्षिण भारतीय फिल्मों के सफल अभिनेता एन टी रामाराव ने बनाई थी जिन्हें लोग NTR के नाम से भी जानते हैं जिन्होने पार्टी की स्थापना के मात्र 9 महीने बाद ही कांग्रेस को हराकर आंध्र प्रदेश में पहली बार गैर-कांग्रेसी सरकार बनाई।

असम गण परिषद AGP

AGP की स्थापना 14 अक्टूबर 1985 को ऐतिहासिक असम समझौते Assam Accord के बाद हुआ था।

यह पार्टी मुख्य रूप से अवैध प्रवासियों की पहचान और निर्वासन के एजेंडे के साथ अस्तित्व में आई और इसने 1985 में ही पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ा जिसे जीतकर उसने प्रफुल्ल कुमार महंत के नेतृत्व में सरकार बनाई। यह पार्टी फ़िलहाल NDA का हिस्सा है और इस बार यानि 2026 के विधानसभा चुनाव में उसने 10 सीट पर जीत दर्ज की है।

आम आदमी पार्टी AAP 

AAP का गठन 26 नवंबर 2012 को अरविन्द केजरीवाल ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर की। पार्टी का गठन 2011 में भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ और लोकपाल की माँग को लेकर हुए अन्ना हजारे के आंदोलन के बाद हुआ। इस पार्टी ने 2013 का दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ा और जबर्दस्त कामयाबी हासिल करते हुए काँग्रेस को पराजित कर दिया। इस पार्टी ने केजरीवाल के नेतृत्व में अपनी पहली चुनावी सफलता के बाद सरकार बनाई। फ़िलहाल इस पार्टी की पंजाब में सरकार है। दिल्ली में इसके 22 विधायक हैं। पार्टी को अब राष्ट्रीय दल का दर्जा हासिल है। 

तमिलगा वेत्री कषगम TVK

TVK पार्टी का गठन फरवरी 2024 में एक्टर विजय ने किया। पार्टी ने सीधे 2026 का चुनाव लड़ा और अपनी पहली ही उपस्थिति में स्टालिन सरकार को कड़ी टक्कर देते हुए सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है।

हालांकि इससे पहले विजय ने विजय मक्कल इयक्कम नाम से एक संगठन बनाया था जिसने 2021 में तमिलनाडु के स्थानीय निकाय चुनावों में हिस्सा लेकर 169 सीटों मे 115 सीटें जीती थीं।

तमिलनाडु के विधानसभा 2026 के चुनाव में टीवीके ने पहली बार हिस्सा लिया और कुल 234 सीटों में 108 सीटें जीतकर सत्ता के क़रीब है। पुडुचेरी में भी इस पार्टी ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और दो विधानसभा सीटें जीती हैं।

Leave Your Comments