मीरजापुर में दिव्या मित्तल ने किए दर्शन; लहुरियादह पहुंचकर हुईं भावुक

मीरजापुर में दिव्या मित्तल ने किए दर्शन; लहुरियादह पहुंचकर हुईं भावुक
  • दिव्या मित्तल ने गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला मंदिर में किए दर्शन
  • लहुरियादह गांव में ग्रामीणों ने गाजे-बाजे के साथ किया स्वागत
  • दुईजी देवी से मुलाकात के दौरान भावुक हुईं पूर्व आईएएस अधिकारी
  • नई पार्टी जननीति भारत बनाने पर लोगों ने दी बधाई
  • गांव के विकास और समस्याओं को उठाने का दिया भरोसा

Divya Mittal Mirzapur Visit: पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के हलिया क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर पहुंचने से पहले उन्होंने हलिया में लोगों से जनसंपर्क भी किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और उनकी नई पार्टी ‘जननीति भारत’ बनाने पर बधाई दी।

दर्शन-पूजन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने दिव्या मित्तल का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उनके समर्थन में नारे लगाए। दिव्या मित्तल ने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि वह जनता के हित में काम करती रहेंगी। उन्होंने स्वागत और स्नेह के लिए सभी का आभार जताया।

लहुरियादह पहुंचकर भावुक हुईं दिव्या मित्तल

हलिया क्षेत्र के भ्रमण के दौरान दिव्या मित्तल पहाड़ी पर बसे लहुरियादह गांव भी पहुंचीं। गांव में उनकी मौजूदगी की खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने गाजे-बाजे के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान उनकी मुलाकात दुईजी देवी से हुई, जो उनसे मिलकर भावुक हो गईं।

दुईजी देवी ने स्थानीय बोली में कहा, “बहुत दिन से तोहार इंतजार करत रहे बिटिया, आजु इच्छा पूरी होगइ हमार। तोहके जी भरि क देखि लिहा, देवी मइया तोहरे ऊपर कृपा बनावंइ।”

उनकी बात सुनकर मुलाकात का माहौल भावुक हो गया। ग्रामीणों ने दिव्या मित्तल के प्रति अपनापन और स्नेह जताया।

गांव के विकास के लिए प्रयास का भरोसा

लहुरियादह में दिव्या मित्तल ने विद्यालय की मांग उठाने वाली देवकली को माला पहनाकर सम्मानित किया और उनसे गले मिलकर बातचीत की। उन्होंने कहा कि गांव के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी और यहां के लोगों की आवाज उठाने से पीछे नहीं हटेंगी।

दिव्या मित्तल ने कहा कि गांव के लोगों से मिला स्नेह उनके लिए यादगार है। उन्होंने कहा कि उन्हें यहां के लोगों का अपनापन और पुरानी बातें याद हैं और वह इस स्नेह को भूल नहीं सकतीं।

कार्यकर्ता और स्थानीय लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान अरुण मिश्रा, कमलेश तिवारी, शिवा अग्रहरि, शनि अग्रहरि, राकेश अग्रहरि, मुन्ना सिंह, मंगलधारी मिश्रा, ज्ञानेश्वर दूबे और रविशंकर तिवारी सहित कई स्थानीय लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी मेला प्रभारी श्याम लाल ने पुलिसकर्मियों के साथ संभाली। एलआईओ टीम भी मौके पर मौजूद रही।

दिव्या मित्तल के इस दौरे में धार्मिक दर्शन के साथ जनसंपर्क और ग्रामीणों से संवाद प्रमुख रूप से देखने को मिला। लहुरियादह में ग्रामीणों से उनकी मुलाकात और गांव के विकास को लेकर दिए गए भरोसे ने कार्यक्रम को खास बना दिया।