दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। दिल्ली सरकार ने इस परिसर को आम लोगों के लिए खोलने का फैसला किया है। अब जनता भी यहां पहुंचकर पूरे परिसर को देख सकेगी। लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि पहले इसे राज्य अतिथि गृह में बदलने का निर्णय लिया गया था, लेकिन जनता की मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार ने अपना फैसला बदल दिया है।
मंत्री के मुताबिक, परिसर में आम लोगों के आने-जाने, टिकट बुकिंग और आरक्षण की व्यवस्था की जाएगी। इन सभी प्रक्रियाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी सरकार की ओर से जल्द साझा की जाएगी।
पहले मीडिया को कराया जाएगा शीशमहल का दौरा
प्रवेश वर्मा ने कहा कि आम जनता के लिए परिसर खोलने से पहले देश के मीडिया को इसका दौरा कराया जाएगा। इसके बाद आम लोगों को भी यहां आने और पूरे परिसर को देखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी सरकारी गाड़ी और बंगला नहीं लेने की बात करने वाले व्यक्ति ने कई पुराने बंगलों, सर्वेंट क्वार्टर और गैराज को तुड़वाकर इस भव्य परिसर का निर्माण कराया।
स्मार्ट लाइटिंग और महंगे संगमरमर का भी किया जिक्र
लोक निर्माण मंत्री ने शीशमहल में मौजूद सुविधाओं का उल्लेख करते हुए स्मार्ट लाइटिंग, महंगे पर्दों और वियतनाम से मंगवाए गए संगमरमर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब जनता खुद यहां पहुंचकर इन चीजों को देख सकेगी।
प्रवेश वर्मा ने इस परिसर को दिल्ली में भ्रष्टाचार का बड़ा उदाहरण बताते हुए पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शीशमहल को आम लोगों के लिए खोलने का मकसद जनता को इसकी वास्तविक स्थिति से रूबरू कराना है।
टिकट और ऑनलाइन बुकिंग की जानकारी का इंतजार
शीशमहल को आम जनता के लिए खोलने का फैसला तो हो गया है, लेकिन फिलहाल इसके लिए टिकट की कीमत तय होने की जानकारी नहीं दी गई है। इसके अलावा ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया और आम लोगों के प्रवेश की तारीख भी अभी सामने नहीं आई है।
सरकार इन व्यवस्थाओं का पूरा ब्योरा बाद में जारी करेगी। इसके बाद ही स्पष्ट होगा कि लोग किस तारीख से और किस प्रक्रिया के तहत शीशमहल देखने जा सकेंगे।