मुंबई। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने मुंबई में भारत समुद्री सप्ताह-2025 को संबोधित करते हुए कहा कि देश के समुद्री क्षेत्र का मूल्य लगभग 1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर (84 लाख करोड़ रुपये) है जो बंदरगाहों, नौवहन और रसद में निवेश की अपार संभावनाओं को दर्शाता है।
‘जहाज वित्तपोषण के लिए अभिनव तंत्र’ विषय पर अपने विचार रखते हुए गडकरी ने कहा कि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने टीओटी, इनविट और पीपीपी मॉडल के ज़रिए 1.4 लाख करोड़ रुपये सफलतापूर्वक जुटाए जिसमें निजी भागीदारी 10 प्रतिशत से बढ़कर 35 प्रतिशत हो गई है। कहा कि इसी तरह के उपायों से परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेज़ी आ सकती है, गुणवत्ता में सुधार हो सकता है और निजी क्षेत्र के नवाचार और कुशल निधि प्रवाह के माध्यम से सरकार पर वित्तीय बोझ कम हो सकता है।
उन्होंने "महासागरों का एकीकरण, एक समुद्री दृष्टिकोण: भारत की समुद्री प्रगति" शीर्षक से सीएमईजी (आरआईएस) - भारत समुद्री रिपोर्ट 2025-26 का विमोचन किया। गडकरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सागरमाला 2.0 विजन को आगे बढ़ाने के लिए केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि निजी नवाचार, पारदर्शी शासन और समयबद्ध कार्यान्वयन के साथ, देश अपने समुद्री नेतृत्व और प्रतिस्पर्धात्मकता में स्थायी वैश्विक विश्वास का निर्माण कर सकता है।