UP Politics: चंद्रशेखर आजाद होंगे CM फेस, ओवैसी के साथ मिलकर बनाया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा

UP Politics: चंद्रशेखर आजाद होंगे CM फेस, ओवैसी के साथ मिलकर बनाया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा
हाइलाइट्स
• चंद्रशेखर आजाद होंगे सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के CM फेस
• ASP और AIMIM यूपी की सभी 403 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव
• चंद्रशेखर ने 2027 में सत्ता परिवर्तन का किया दावा

उत्तर प्रदेश की राजनीति में चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने नए गठबंधन का ऐलान किया है। आजाद समाज पार्टी (ASP) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है। इस गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। असदुद्दीन ओवैसी ने खुद इसकी घोषणा की है। वहीं, चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनका गठबंधन उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

इस गठबंधन को लेकर दोनों नेताओं ने अपनी राजनीतिक रणनीति और चुनावी प्राथमिकताएं भी सामने रखीं। चंद्रशेखर आजाद ने 2027 में सत्ता परिवर्तन का दावा किया, जबकि ओवैसी ने इसे बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए मजबूत विकल्प बताया।

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के CM फेस होंगे चंद्रशेखर आजाद

असदुद्दीन ओवैसी ने ऐलान किया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस गठबंधन का हिस्सा है और वह चंद्रशेखर आजाद की बातों से सहमत हैं।

ओवैसी के मुताबिक, यह मोर्चा उत्तर प्रदेश में बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए एक मजबूत विकल्प बनेगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन केवल बीजेपी को रोकने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जमीन से जुड़े मुद्दों पर भी संघर्ष करेगा। उन्होंने लोगों से सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को सफल बनाने की अपील की।

वहीं, चंद्रशेखर आजाद ने स्पष्ट किया कि इसे केवल तीसरा मोर्चा कहना सही नहीं होगा। यह सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है और गठबंधन प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगा।

बीजेपी और दूसरे दलों पर ओवैसी ने साधा निशाना

गठबंधन के ऐलान के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी और अन्य राजनीतिक दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये सिर्फ पर्व की पार्टियां हैं, भविष्य की पार्टियां नहीं हैं।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का जिक्र करते हुए ओवैसी ने कहा, "मैं गिरिराज साहब से कहूंगा कि आप बीमार हैं और अस्पताल में हैं. हम दुआ करते हैं कि आप जल्दी स्वस्थ हों, फिर हमसे मुकाबला करें."

इसके अलावा उन्होंने जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो जवानों की हत्या का मुद्दा उठाया। ओवैसी ने बीजेपी से इस घटना पर जवाब मांगा और सवाल किया कि इस मामले में पार्टी क्या कहेगी।

चंद्रशेखर आजाद ने सरकार पर लगाए उत्पीड़न के आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंद्रशेखर आजाद ने मौजूदा सरकार पर पिछड़े, दलित और मुस्लिम समाज के लोगों के साथ मारपीट और उत्पीड़न होने का आरोप लगाया। उन्होंने अपने साथ हुई कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि शब्बीरपुर मामले में निर्दोष होने के बावजूद उन्हें 9 महीने जेल में रहना पड़ा। बाहर आने के बाद उन पर NSA लगाया गया और उनके समाज के लोगों पर भी रासुका की कार्रवाई हुई।

आजाद ने मुख्यमंत्री पर अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने का आरोप लगाते हुए हाथरस, प्रयागराज और कासगंज की घटनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हाथरस में एक दलित लड़की को रात में पेट्रोल डालकर जला दिया गया, प्रयागराज में फूलचंद के पूरे परिवार की हत्या हुई और कासगंज में अल्ताफ को पुलिस हिरासत में मार दिया गया।

संविधान और आरक्षण को लेकर बीजेपी पर लगाया आरोप

चंद्रशेखर आजाद ने आरोप लगाया कि बीजेपी का लक्ष्य संविधान और आरक्षण को खत्म करना है। उन्होंने कहा कि वह ऐसा नहीं होने देंगे। इस दौरान उन्होंने कहा, "मैं इनसे कहता हूं कि इन्हें दिन में तारे दिखा देंगे."

आजाद ने दावा किया कि उनका मोर्चा 2027 में सत्ता परिवर्तन करेगा। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी गठबंधन में शामिल होने का न्योता दिया। उनका कहना था कि बीजेपी को हटाने के लिए जो भी उनके साथ आना चाहेगा, उसका स्वागत किया जाएगा।

बहुजन समाज, बेरोजगारी और बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा उठाया

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि कई राजनीतिक दलों ने बहुजन समाज से वादे किए, उनके वोट लिए और घोषणाएं भी कीं, लेकिन समाज के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि आज भी बहुजन समाज के लोग बुनियादी सुविधाओं से दूर हैं। गरीब बस्तियों में मकानों और सड़कों की स्थिति देखकर वहां रहने वाले लोगों की परेशानियों का अंदाजा लगाया जा सकता है।

उन्होंने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है। जो लोग अपनी आवाज उठाते हैं, उन्हें सरकार का डंडा झेलना पड़ता है। आजाद ने आरोप लगाया कि सरकार ने ऐसा कानून बनाया है कि विरोध करने पर नौकरी तक नहीं मिलेगी।

सपा और कांग्रेस को भी गठबंधन में शामिल होने का न्योता

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि 2014, 2017, 2022 और 2024 में बीजेपी को सत्ता से हटाने के कई वादे किए गए, लेकिन बीजेपी कमजोर होने के बजाय और मजबूत होती गई। इसी जरूरत को देखते हुए उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी से बातचीत की और अपनी राजनीतिक ताकत मजबूत करने का फैसला किया।

उन्होंने कहा कि अब कमजोर समाज के लोग अपने वोट के जरिए ताकत बनेंगे और किसी के सामने हाथ नहीं फैलाएंगे। इस दौरान उन्होंने कांशीराम के उस विचार का भी जिक्र किया कि समाज को मांगने वाला नहीं, बल्कि देने वाला बनना चाहिए।

चंद्रशेखर आजाद ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने कई मोर्चे बनाए थे। आजाद के मुताबिक, बाबा साहेब का मानना था कि लोकतंत्र में जिस दल का अपना संगठन नहीं होता, उसकी ताकत भी नहीं होती। उन्होंने अन्याय सहने वालों को भी इसके लिए जिम्मेदार बताया और समाज से अपनी ताकत पहचानने की अपील की।