पंजाब की राजनीति में करीब छह दशक तक सक्रिय रहे पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अब अपनी ही पार्टी भाजपा में भूमिका को लेकर सवाल उठाए हैं। जानकारी के लिए बता दें कि भाजपा में शामिल हुए उन्हें पांच साल हो चुके हैं, लेकिन प्रदेश की राजनीति में कोई अहम जिम्मेदारी नहीं मिलने की उनकी नाराजगी अब खुलकर सामने आ गई है। कैप्टन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान सीधे पूछा कि क्या पंजाब में पार्टी को उनकी जरूरत है?
मीडिया से बातचीत में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ हालिया मुलाकात में उन्होंने अपनी स्थिति को लेकर सवाल किया था। उन्होंने कहा, ''सर, क्या आपको मेरी जरूरत है?'' कैप्टन के मुताबिक, भाजपा में आने के बाद पांच साल गुजर गए, लेकिन इस दौरान न तो दिल्ली के नेतृत्व ने और न ही पंजाब के किसी नेता ने उनसे प्रदेश की राजनीति को लेकर कोई गंभीर बातचीत की।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि पार्टी इस मामले को देख रही है। हालांकि, कैप्टन का कहना है कि पांच साल तक इंतजार करना कोई छोटी अवधि नहीं है।
छह दशक का राजनीतिक अनुभव, फिर भी जिम्मेदारी का इंतजार
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भाजपा की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि पार्टी में पुराने नेताओं पर ज्यादा भरोसा किया जाता है, जबकि नए शामिल होने वाले नेताओं के लिए शीर्ष नेतृत्व तक अपनी बात पहुंचाना आसान नहीं होता।
उन्होंने कहा कि भाजपा में वरिष्ठ नेताओं से मिलने के मौके भी सीमित हैं। कई बार साल में केवल एक बार ही मुलाकात हो पाती है। कैप्टन के मुताबिक, पंजाब की राजनीति में लंबे अनुभव के बावजूद पार्टी ने उनकी क्षमताओं का अपेक्षित इस्तेमाल नहीं किया।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों की समझ रखने वाले स्थानीय नेताओं को जिम्मेदारी देने के बजाय बाहर से आए नेताओं को अहम भूमिका सौंपी जा रही है।
कैप्टन ने बताया कि दिल्ली में उन्हें यह भी कहा गया कि पंजाब ही नहीं, दूसरे राज्यों में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए नेताओं को भी इसी तरह की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस में आलाकमान तक थी सीधी पहुंच
भाजपा में अपनी मौजूदा स्थिति की तुलना करते हुए कैप्टन ने कांग्रेस के दिनों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहते हुए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचना काफी आसान था।
उनके मुताबिक, रात नौ बजे भी कांग्रेस अध्यक्ष का फोन आ जाता था और अहमद पटेल की मौजूदगी में राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होती थी। कैप्टन ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि पीठ की सर्जरी और घुटने का प्रत्यारोपण होने के कारण उन्हें लंबे समय तक आराम करना पड़ा था। हालांकि, अब स्वास्थ्य ठीक होने के बावजूद भाजपा में उनकी भूमिका को लेकर स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है।
कैप्टन के अनुसार, प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद भाजपा के पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया ने उनसे संपर्क किया। पूनिया ने चंडीगढ़ आने पर मुलाकात करने का भरोसा भी दिया।
पंजाब कांग्रेस की गुटबाजी पर भी बोले कैप्टन
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस दौरान पंजाब कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कई गुटों में बंटी हुई है।
उनके मुताबिक, प्रताप सिंह बाजवा, चरणजीत सिंह चन्नी और परगट सिंह के अलग-अलग समूह बन चुके हैं। कैप्टन ने कहा कि अपने लंबे राजनीतिक अनुभव में उन्होंने कांग्रेस के भीतर इस स्तर की गुटबाजी पहले कभी नहीं देखी।
पंजाब में BJP की रणनीति के बीच कैप्टन का बयान क्यों अहम?
कैप्टन अमरिंदर सिंह का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अकाली दल के साथ गठबंधन के बाद भाजपा पंजाब में नए सिरे से राजनीतिक समीकरण साधने में जुटी है।
ऐसे में पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री का सार्वजनिक रूप से अपनी भूमिका पर सवाल उठाना संगठन के भीतर तालमेल और नेतृत्व की प्राथमिकताओं को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।
फिलहाल कैप्टन ने साफ तौर पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनका सवाल यही है कि भाजपा में पांच साल बिताने के बाद भी अगर पंजाब की राजनीति में उनकी भूमिका तय नहीं हुई है, तो आखिर पार्टी को उनकी जरूरत है या नहीं?